जिले के लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग में बाघधार के पास शादी से लौट रहा वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो जीप में सवार पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का रेस्क्यू देर रात कर लिया गया. लोहाघाट थाना पुलिस, फायर कर्मियों और एसडीआरएफ जवानों द्वारा घायलों को उपजिला चिकित्सालय लोहाघाट लाया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार ये सड़क दुर्घटना जीप चालक के नशे में होने के कारण बताई जा रही है. शुक्रवार सुबह के समय तड़के खाई से सभी शवों को रेस्क्यू कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि बारात पिथौरागढ़ जिले के शेराघाट से चम्पावत जिले में आई थी. वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद देर रात बाराती वापस लौट रहे थे. तभी जीप अनियंत्रित हो खाई में गिर गई. इस हादसे में मां बेटे समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.
एसओ लोहाघाट ने बताया कि घटना रात 2:30 बजे के लगभग की है. लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी व उपचार कर रहे डॉक्टर अजीम ने बताया कि 5 घायलों को अस्पताल लाया गया था. उनमें से एक की गंभीर हालत को देखकर जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर कर दिया गया है. घायलों का उपचार चल रहा है.
रेस्क्यू टीम ने सुबह के समय सभी मृतकों के शवों को खाई से निकाल लिया है. दुर्घटना में भावना चौबे और उनके बेटे प्रियांशु सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत होने से विवाह की खुशियां शोक में बदल गई हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया वाहन चालक के नशे में होने की वजह से ये सड़क हादसा सामने आया है. फिलहाल पुलिस द्वारा सभी शवों का पोस्टमार्टम आज कराया जायेगा. वहीं पुलिस सड़क दुर्घटना की जांच में भी जुट गई है.
लोहाघाट सड़क दुर्घटना में घायलों के नाम:
- धीरज पुत्र प्रकाश चंद्र निवासी रुद्रपुर
- राजेश (14) पुत्र उमेश चंद्र जोशी लाखतोली
- चेतन चौबे 5 वर्ष पुत्र सुरेश चौबे निवासी दिल्ली
- भास्कर पांडा किलोटा, वाहन चालक
- देवदत्त (38) पुत्र रामदत्त निवासी सल्ला भाटकोट शेराघाट
हादसे में मृतकों के नाम:
- भावना चौबे
- भावना का बेटा प्रियांशु (6 वर्ष)
- प्रकाश चंद्र उनियाल (40) बिलासपुर
- केवल चंद्र उनियाल (35) बिलासपुर
- सुरेश नौटियाल (32) पंतनगर (उधम सिंह नगर)
इस भीषण सड़क हादसे में सुरेश चौबे ने अपनी पत्नी व बेटे को खो दिया है. एक बेटा चेतन घायल हो गया है. सुरेश दिल्ली से परिवार सहित बारात में शामिल होने आए हुए थे. वहीं मासूम चेतन के सिर से मां का साया व भाई का साथ छूट गया है. अस्पताल में वह बार बार अपनी मां को पुकार रहा है.
रेस्क्यू अभियान में होटल स्वामी मदन सामंत व शिक्षक मनोज पंत ने सहयोग किया. इस भीषण सड़क हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई गई है. जनप्रतिनिधियों व लोगों ने हादसे पर दुख जताया है.
