उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में स्थित रामनगर को पहली बार बीसीसीआई की सबसे बड़ी घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी के मैच के आयोजन का मौका मिला है. आज शनिवार से रामनगर के कौशिकी क्रिकेट ग्राउंड, जिम कॉर्बेट (Kaushiki Cricket Ground, Jim Corbett) में मेजबान उत्तराखंड और रेलवे के बीच 4 दिवसीय मुकाबला शुरू हो गया है. रेलवे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है.
ये पहला मौका होगा जब उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के किसी ग्राउंड पर रणजी ट्रॉफी के मैच का आयोजन होने जा रहा है. उत्तराखंड की टीम रणजी लीग मैच के अंतर्गत आज रेलवे से भिड़ेगी. रेलवे की टीम में उपेंद्र यादव, मोहम्मद सैफ, हिमांशु सांगवान, करन शर्मा, सहाब युवराज जैसे दिग्गज हैं. वहीं उत्तराखंड की टीम में प्रशांत चोपड़ा, कुणाल चंदेला, मयंक मिश्रा, दीपक धपोला जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व के प्रवेश द्वार पर बसे रामनगर में रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन स्थानीय खेल संस्कृति के लिए मील का पत्थर साबित होगा. यह आयोजन न केवल कुमाऊं क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्साह का केंद्र बना है, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का भी स्रोत है. स्थानीय खेलप्रेमियों का कहना है कि इस आयोजन से क्षेत्र में क्रिकेट के विकास को नई दिशा मिलेगी. इसके साथ ही पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि रणजी जैसे बड़े आयोजन से बाहर से आने वाले खिलाड़ियों, दर्शकों और अधिकारियों की संख्या में इज़ाफ़ा होगा.
रामनगर में रणजी ट्रॉफी के आयोजन से न केवल कुमाऊं क्षेत्र को राष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी, बल्कि इससे क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और भागीदारी बढ़ेगी. यह आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनने जा रहा है. उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक मेहरा ने कहा कि रामनगर में रणजी ट्रॉफी का आयोजन उत्तराखंड क्रिकेट के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ेगा. यह आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की प्रतिभा को देखने का अवसर देगा.
रामनगर में खेले जा रहे रेलवे और उत्तराखंड के मुकाबले के लिए रेलवे ने अपने इन खिलाड़ियों को अंतिम 11 में स्थान दिया- प्रथम सिंह (कप्तान), उपेंद्र यादव (विकेट कीपर), एसए आहूजा, विवेक सिंह, आकाश पांडे, कुणाल यादव, अंश यादव, मोहम्मद सैफ, जेडए खान, हिमांशु सांगवान और बीएच मेराईउत्तराखंड ने रेलवे के खिलाफ अपनी टीम में इन खिलाड़ियों को स्थान दिया- कुणाल चंदेला (कप्तान), प्रशांत चोपड़ा (विकेट कीपर), भूपेन लालवानी, अवनीश सुधा, युवराज चौधरी, शाश्वत डंगवाल, सुचित जे, अभय नेगी, मयंक मिश्रा, राजन और बोरा
