डब्ल्यूडब्ल्यूई (WWE) के सुपरहीरो हल्क होगन का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने दिल का दौरा पड़ने के चलते दुनिया को अलविदा कह दिया है. उनकी मौत ने पूरे रेसलिंग जगत में सन्नाटा फैला दिया है.
आपको बता दें उनको कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें स्ट्रेचर की मदद से एक हॉस्पिटल में पहुंचाया गया, जहां पर उन्हें बचाया नहीं जा सकता और मृत घोषित कर दिया गया. इसके साथ ही पूरा रेसलिंग जगत दुख से भर गया है.
गुरुवार को फ्लोरिडा में 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उन्हें क्लियरवाटर में डॉक्टरों द्वारा सुबह दिल का दौरा पड़ने के 90 मिनट के बाद मृत घोषित कर दिया गया. हल्क होगन का असली नाम टेरी बोलिया था.
रिंग के अंदर भले ही होगन स्टार हों लेकिन रिंग के बाहर, होगन को मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा. WWE ने 2015 में उनके साथ तीन साल के लिए नाता तोड़ लिया था और उनको अपने हॉल ऑफ फेम से भी हटा दिया था. क्योंकि उन्हें अश्वेतों के बारे में नस्लीय गालियां देते हुए पाया गया था
होगन ने 6 बार WWE चैंपियनशिप जीतीं और 2005 में वो हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए. इसके बाद 2018 में उन्हें फिर से हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया. उन्होंने पेशेवर कुश्ती को मुख्यधारा में ला दिया.
होगन कुश्ती की दुनिया के बाहर भी एक सेलिब्रिटी थे, उन्होंने कई फिल्मों और टेलीविजन शो में काम किया, जिनमें VH1 पर उनके जीवन पर आधारित एक रियलिटी शो ‘होगन नोज बेस्ट’ भी शामिल है.
होगन ने अपनी प्रसिद्धि को राजनीति में भी शामिल कर लिया. 2024 के रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में उन्होंने WWE के क्लासिक दांव-पेंचों को तत्कालीन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प के भाषणों के साथ मिलाकर राष्ट्रपति पद के लिए उनका जोरदार समर्थन किया.
होगन का जन्म जॉर्जिया में हुआ था. उन्होंने अपना ज़्यादातर जीवन टैम्पा, फ़्लोरिडा में बिताया. होगन हमेशा से पहलवान बनना चाहते थे. वो स्कूल छोड़कर कुश्ती देखने जाते थे.
होगन पहली बार 1984 में विश्व कुश्ती महासंघ में चैंपियन बने और वहीं से पेशेवर कुश्ती की शुरुआत हुई. उन्होंने 1987 में रेसलमेनिया III में आंद्रे द जाइंट को पटखनी दी और उसे हरा दिया, और WWF ने गति पकड़ी. वह 2002 में WWE में लौटे और फिर से चैंपियन बने.
