देहरादून में ओवरटेक से नाराज कार सवारों ने की अंधाधुंध फायरिंग, मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज सोमवार सुबह ओवरटेकिंग के विवाद में हिंसक घटना हुई है. एक कार सवारों द्वारा दूसरी कार पर की गई फायरिंग की कीमत एक निर्दोष शख्स को चुकानी पड़ी. मामूली विवाद में हुई फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की मौत हो गई. जिस शख्स की मौत हुई है, वो आर्मी से रिटायर्ड ब्रिगेडियर हैं. इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जिसका खामियाजा एक निर्दोष राहगीर को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ा. मसूरी रोड पर मालसी क्षेत्र के पास दो कार सवारों के बीच रास्ता न देने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया. आरोपियों द्वारा कार रोकने के लिए चलाई गई गोली दुर्घटनावश मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को जा लगी. उस व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई.

पुलिस के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे की है. कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. तत्काल उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया. एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित राजपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.

प्राथमिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और एक स्कॉर्पियो कार चालकों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते यह मामूली विवाद झड़प में बदल गया. आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और उसे रुकवाने के उद्देश्य से उसके टायरों पर गोलीबारी शुरू कर दी.

इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई. घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. रिटायर्ड ब्रिगेडियर 70 साल के थे. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है.