उत्तराखंड में क्रिकेट की सबसे बड़ी संस्था क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की आज यानी 29 अगस्त से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है. जिसके तहत क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के 8 पदाधिकारी के लिए नॉमिनेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है. आगामी 6 सितंबर को मतदान होना है और उसी दिन शाम को 3 बजे परिणाम जारी कर दिए जाएंगे. वहीं, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मोहित डोभाल ने निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी दी.
- बीती 15 अगस्त को चुनाव की अधिसूचना जारी हुई थी.
- 29 अगस्त की सुबह 11 बजे से 30 अगस्त शाम 4 बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी.
- 31 अगस्त की सुबह 11 बजे ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.
- 31 अगस्त को सुबह 11 बजे से लेकर 4 बजे तक नॉमिनेशन की स्क्रूटनी की जाएगी.
- 31 अगस्त को शाम 5 बजे वैलिड नॉमिनेशन कैंडिडेट की घोषणा की जाएगी.
- 31 अगस्त से 2 सितंबर तक तक नॉमिनेशन पर आपत्ति की तिथि रखी गई है.
- 1 सितंबर सुबह 11 बजे से 3 सितंबर शाम 4 बजे तक प्रत्याशी की नाम वापसी होगी.
- 4 सितंबर को शाम 3 बजे निर्वाचक नामावली और प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट का प्रकाशन किया जाएगा.
- 6 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक मतदान होगा.
- 6 सितंबर को शाम 3 बजे परिणाम की घोषणा की जाएगी.
बता दें कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड का यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है. क्योंकि, आने वाले समय में एसोसिएशन के सामने उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के दूसरे सीजन के आयोजन की भी बड़ी चुनौती है. UPL सीजन 1 बतौर सेक्रेटरी महिमा वर्मा की ओर से भव्य तरीके से आयोजित किया गया था. पहली दफा उत्तराखंड के क्रिकेटरों को एक बड़ा प्लेटफार्म देने की शुरुआत महिमा वर्मा ने की थी.
बड़ी बात ये है कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के बायोलॉज के अनुसार, महिमा वर्मा अपने सचिव के रूप में अधिकतम कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और अब वे दोबारा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव के पद पर नहीं रहेंगे. ऐसे में जो भी नया सचिव आता है, उसके लिए सकुशल तरीके से UPL सीजन 2 का आयोजन पहला बड़ा टास्क होगा.
वहीं, इसके अलावा नए अध्यक्ष और नई टीम किस तरह से उत्तराखंड के क्रिकेट को आगे लेकर जाती है, ये भी जल्द ही साफ हो जाएगी. हालांकि, अभी 6 सितंबर को वोटिंग होनी है और वोटिंग के बाद अब कौन सी टीम उत्तराखंड के क्रिकेट को लीड करेगी, यह भी स्पष्ट हो जाएगा. फिलहाल, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड में चुनाव की सरगर्मियां चरम पर है.
