प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने आज सुबह से मशहूर मलयालम एक्टर दुलकर सलमान के चेन्नई स्थित घर पर छापेमारी शुरू की है. यह घर चेन्नई के राजा अन्नामलाईपुरम इलाके में स्थित है, जो उनके पिता और मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ममूटी का घर है.
जब ईडी अधिकारी मौके पर पहुंचे, तब घर में कोई मौजूद नहीं था. इसके बाद उन्होंने घर के कर्मचारियों की मदद से दरवाजा खुलवाया और तलाशी शुरू की. अब तक ईडी की ओर से आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया गया है कि यह कार्रवाई किस केस के तहत की जा रही है.
पिछले महीने कस्टम विभाग ने केरल में ममूटी और दुलकर सलमान के घरों पर छापेमारी की थी. आरोप था कि दुलकर सलमान ने भूटान से नीलामी में खरीदी गई लग्जरी कारों को भारत में कम कीमत पर दिखा कर टैक्स की चोरी की, और बाद में उन्हें देश में रजिस्टर कर बेच दिया. माना जा रहा है कि आज की ईडी की कार्रवाई भी इसी मामले से जुड़ी हो सकती है.
फिलहाल ममूटी के खिलाफ किसी प्रकार की मनी लॉन्ड्रिंग या अवैध लेन-देन से जुड़ा कोई केस सामने नहीं आया है. अधिकारियों का कहना है कि यह छापेमारी मुख्य रूप से कार आयात मामले से जुड़ी हो सकती है.
ईडी की टीम ने आज केवल दुलकर सलमान ही नहीं, बल्कि मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के एक्टर पृथ्वीराज, अमित चक्कलकल सहित कुल 17 लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की है. यह छापेमारी केरल के कोट्टायम, मलप्पुरम, कोझिकोड, एर्नाकुलम और तमिलनाडु के कोयंबटूर जैसे कई शहरों में की जा रही है.
