‘सिनेमाघरों से वीडियो रिकॉर्ड या शेयर न करें…’, ‘कांतारा चैप्टर 1’ मेकर्स ने जारी किया पायरेसी अलर्ट

‘कांतारा चैप्टर 1’ को समीक्षकों और दर्शकों से सकारात्मक समीक्षाएं मिल रही हैं. इसी का नतीजा है कि ऋषभ शेट्टी अभिनीत इस फिल्म ने धमाकेदार शुरुआत की. हालांकि, अपनी पॉपुलैरिटी के कारण फिल्म पाइरेसी का शिकार न हो, इसके लिए मेकर्स ने दर्शकों से ऐसी गतिविधियों से दूर रहने और सिनेमाघरों में कांतारा का जादू बरकरार रखने का अनुरोध किया है.

‘कांतारा चैप्टर 1’ के मेकर्स ने शुक्रवार, 3 अक्टूबर को पायरेसी अलर्ट जारी किया है. उन्होंने दर्शकों और फैंस से पायरेसी का समर्थन नहीं करने की अपील करते हुए एक कहा कि इससे न केवल फिल्म को नुकसान पहुंचा है, बल्कि उन हजारों लोगों के सपनों और प्रयासों को भी नुकसान पहुंचा है, जिन्होंने फिल्म को जीवंत बनाने के लिए काफी मेहनत की है.

मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी करते हुए लिखा है, ‘डियर कांतारा फैमिली और सिनेमा लवर्स, शुरू से ही कांतारा हमारी जितनी ही आपकी रही है. आपके प्यार और समर्थन ने इस सफर को आगे बढ़ाया है. हम आपसे विनम्र निवेदन करते हैं कि पायरेसी का समर्थन न करें. यह न केवल फिल्म को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उन हजारों लोगों के सपनों और प्रयासों को भी नुकसान पहुंचाता है जिन्होंने इसे जीवंत बनाने के लिए काफी मेहनत की है.’

मेकर्स ने दर्शकों से खास अनुरोध करते हुए आगे लिखा है, ‘हम फैंस से भी आग्रह करते हैं कि वे सिनेमाघरों से वीडियो रिकॉर्ड या शेयर न करें, भले ही अच्छे इरादे से ही क्यों न हों, लेकिन इससे सिनेमा का जादू खत्म हो जाता है. कांतारा चैप्टर 1 बड़े पर्दे के लिए बनाया गया था ताकि आप हर आवाज, हर फ्रेम, हर भावना को वैसे ही महसूस कर सकें जैसा वह होना चाहिए था. आइए मिलकर इस सफर की रक्षा करें और कांतारा को सिनेमाघरों में एक अविस्मरणीय अनुभव बनाए रखें.’

‘कांतारा चैप्टर 1’ ने ओपनिंग डे पर शानदार शुरुआत की है. सैकनिल्क के अनुसार, ऋषभ शेट्टी की फिल्म ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है, जिसमें इसने कन्नड़ बेल्ट में 18 करोड़ रुपये, हिंदी में 19.5 करोड़ रुपये, तेलुगु में 12.5 करोड़ रुपये, तमिल 5.25 करोड़ रुपये और मलयालम 4.75 करोड़ रुपये कमाए हैं. हिंदी में कांतारा चैप्टर 1 ने केजीएफ 2 को पीछे छोड़ दिया है.

‘कांतारा चैप्टर 1’ 2 अक्टूबर को दुनिया भर में कन्नड़, तमिल, तेलुगु, मलयालम, हिंदी और अंग्रेजी में रिलीज हुई. ऋषभ शेट्टी द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म 2022 की ब्लॉकबस्टर ‘कांतारा’ का प्रीक्वल है.

इस फिल्म में ऋषभ शेट्टी, रुक्मिणी वसंत और जयराम मुख्य भूमिकाओं में हैं. इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का प्रीक्वल, बनवासी के कदंबों के शासनकाल पर आधारित है. इसे ऋषभ शेट्टी ने लिखा और निर्देशित किया है और विजय किरागंदूर ने होम्बले फिल्म्स के तहत इसका निर्माण किया है.