गढ़वाल और कुमाऊं के आंगनबाड़ी केंद्रों में सप्लाई की जाने वाली सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायत पर देहरादून डीएम सविन बंसल एक्शन में आए. जिसके तहत डीएम बंसल ने रुड़की में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन आपूर्ति करने वाले सेंट्रल गोदाम में छापेमारी की. छापेमारी में कई अनियमितताएं मिली. वहीं, बाल श्रम मामले में डीएम ने गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए.
दरअसल, उत्तराखंड में नौनिहालों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ की शिकायत पर देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल ने रुड़की के माड़ी चौक स्थित सेंट्रल गोदाम पर छापेमारी की. इसी गोदाम से गढ़वाल और कुमाऊं के तमाम आंगनबाड़ी केंद्रों को सामग्री सप्लाई की जाती है. ऐसे में आंगनबाड़ी केंद्रों पर आपूर्ति हो रही सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतें लगातार मिलने पर यहां छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
वहीं, डीएम सविन बंसल के गोदाम के निरीक्षण के दौरान बच्चे काम करते पाए गए. जिस पर बाल श्रम के मामले में तत्काल डीएम ने गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए. इसके अलावा खजूर और केले के चिप्स पर मैन्युफैक्चरिंग एवं एक्सपायरी तिथि भी संदिग्ध पाई गई.
जबकि, विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में सप्लाई होने वाले अंडे समेत अन्य सामग्री की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई. कई सामग्रियों पर मैन्युफैक्चरिंग एंड एक्सपायरी तिथि का कोई उल्लेख नहीं मिला. इतना ही नहीं पैकेट पर छपी तिथि और एक्पायरी डेट पर स्टैंप वाली डेट मिली. गोदाम का संचालन भी मानक के अनुरूप नहीं मिला.
इसी दौरान डीएम सविन बंसल ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए राशन आपूर्ति के डिस्पैच हो रहे वाहनों को रूकवाया. साथ ही उन सामग्रियों की सैंपलिंग करवाई. ये वाहन टिहरी, उत्तरकाशी, डोईवाला के लिए सामग्री लेकर रवाना हो रहे थे. वहीं, तमाम अनियमितताएं मिलने पर डीएम बंसल खासे नाराज भी नजर आए.
