दिल्ली-NCR में प्रचंड ठंड और खतरनाक कोहरे का कहर, नए साल पर बारिश का अलर्ट

दिल्ली: राजधानी दिल्ली और उससे सटे इलाकों में हालात बेहद चिंताजनक हैं. सड़कों पर घना कोहरा है, ठिठुरन है जो शाम से सुबह तक और बढ़ जाती है इसके साथ ही प्रदूषित हवाएं हैं जिससे आम लोगों की जिंदगी काफी मुश्किल हो गई है. दिल्ली में कल मंगलवार को भी घना कोहरा देखने को मिला. हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा साफ हो गया. दिन में दस बजे के बाद ज्यादातर जगहों पर धूप निकल आई. इसके चलते अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ. सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है. न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है.

मौसम विभाग ने दिल्ली में बुधवार की सुबह को ज्यादातर जगहों पर मध्यम और कुछ जगहों पर घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है.

गुरुवार को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो 1 जनवरी को बारिश हो सकती है. उसके बाद 2 जनवरी से लेकर 5 जनवरी के बीच अधिकतम तापमान में गिरावट नजर आ रही है. इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि घने कोहरे की वजह से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन CAT III कंडीशन के तहत किए जा रहे हैं, जिससे देरी हो रही है और फ्लाइट कैंसिल हो रही हैं. एक एडवाइजरी में, दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा कि ग्राउंड टीमें मौके पर तैनात हैं और कम विजिबिलिटी की स्थिति में यात्रियों को आसानी से आने-जाने में मदद कर रही हैं.

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे लेटेस्ट फ्लाइट अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन के संपर्क में रहें. इस बीच, रेल सर्विस पर भी असर पड़ा, खराब विजिबिलिटी की वजह से कई ट्रेनें लेट हो गईं. कोहरे की स्थिति में ट्रेनों की आवाजाही धीमी रहने की वजह से यात्री राष्ट्रीय राजधानी में रेलवे स्टेशनों पर इंतज़ार करते देखे गए.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड CPCB के अनुसार राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह 7:15 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 384 अंक बना हुआ है. जो की गंभीर श्रेणी में आता है. जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 388, गुरुग्राम में 392, गाजियाबाद में 377, ग्रेटर नोएडा में 365 और नोएडा में 372 अंक बना हुआ है. राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI लेवल 300 से ऊपर 400 के बीच में बना हुआ है.