लगातार तीसरे दिन आज देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. जिला जज को मेल के जरिए ये धमकी भेजी गई है. ऐहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को खाली कराया गया है और पुलिस टीम पूरे परिसर की तलाशी कर रही है.
राजधानी देहरादून के जिला कोर्ट में बम होने की सूचना से मिलते ही हड़कंप मच गया. कोर्ट परिसर में अफरा तफरी का माहौल हो गया. आनन-फानन में कोर्ट परिसर को खाली कराया गया. कोर्ट परिसर से ज्यूडिशरी के अधिकारी और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया है.
कोर्ट परिसर में बम स्क्वॉयड, डॉग स्क्वॉयड की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई हैं. एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि, सुबह पुलिस को जिला जज कार्यालय से धमकी की सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस टीम पहुंची और परिसर ने सभी को बाहर किया गया है. टीमें पूरे परिसर की चेकिंग कर रही हैं. अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है.
वहीं, बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि, मेल में बम से उड़ान की धमकी के बाद कैंपस खाली करा दिया गया है. सुरक्षा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. सभी के द्वारा निर्देशों का पालन किया जा रहा है. लगातार मिल रही धमकियों के बीच सुरक्षा और सतर्कता जरूरी है.
बता दें कि, रविवार 16 फरवरी से ऐसी धमकियों का सिलसिला जारी है. सबसे पहले नैनीताल और उत्तरकाशी कोर्ट को लेकर धमकी दी गई थी. अगले दिन पिथौरागढ़, टिहरी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली.
