उत्तरकाशी में भीषण हादसा, यमुना नदी में गिरी कार, दो युवकों की दर्दनाक मौत

उत्तराखंड में फिर बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जहां यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के पास एक कार अनियंत्रित होकर यमुना नदी में समा गई. इस हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, युवकों की मौत पर गांव में मातम पसर गया है.

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के रिखाऊं खड्ड पास हुआ है. जहां कार संख्या UK 07 HA 3697 अनियंत्रित होकर यमुना नदी में जा गिरी. हादसे होते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. साथ ही हादसे की सूचना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही डामटा पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना हुई. वहीं, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में उतर रेस्क्यू अभियान शुरू किया. जहां घटनास्थल पर दो शव पड़े मिले. जिनकी पहचान तुषार खत्री और अजय के रूप में हुई.

जो डामटा के पास स्थित ढुइंक गांव के रहने वाले थे. जो अपने गांव से डामटा जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए. वहीं, एसडीआरएफ की टीम ने दोनों शवों को खाई से निकाल कर यमुनोत्री हाईवे तक पहुंचाया. जहां से अब आगे की कार्रवाई की जा रही है.

कार हादसे में मौत-

  1. तुषार खत्री पुत्र दिनेश (उम्र 25 वर्ष), निवासी- ढुइंक, रिखाऊं, पुरोला, उत्तरकाशी
  2. अजय पुत्र मिजान सिंह (उम्र 26 वर्ष), निवासी- ढुइंक, रिखाऊं, पुरोला, उत्तरकाशी

इससे पहले भी नौगांव-पुरोला मोटर मार्ग पर सौंदाड़ी गांव के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया था. इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

इसके साथ ही बीते कुछ दिन पहले अदनी-रौंतल मोटर मार्ग पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि, दो लोग घायल हो गए थे.

वहीं, धरासू- जोगत मोटर मार्ग पर खड़ाखाल के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया था. हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी. जबकि, पांच लोग गंभीर घायल हो गए थे.