सीएम धामी ने कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की, अधिकारियों को निर्देशित किया

उत्तराखंड: हरिद्वार जिले में आगामी 11 जुलाई से कांवड़ मेला शुरू होने जा रहा है. कांवड़ मेले को लेकर सरकार, शासन-प्रशासन और पुलिस काफी गंभीर हैं. बीते लंबे समय से प्रशासन और पुलिस कांवड़ मेले की तैयारियों में जुटी हुए हैं. वहीं आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हरिद्वार पहुंचे. इस दौरान सीएम धामी ने कांवड़ मेले और मानसून की तैयारियों की समीक्षा की.

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का पूरा प्रयास चारधाम और कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा करवाना है. फिलहाल मौसम साफ है. हालांकि बीच-बीच में मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए यात्रा को रोका जा रहा है.

सीएम धामी ने कहा कि उनकी सरकार कांवड़ यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों का स्वागत करती है. शिव भक्त यात्रा का सुखद अनुभव लेकर जाये, उनके लिए सरकार ने अच्छी व्यवस्था की है. सीएम ने बताया कि उन्होंने खुद सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक की. उनका प्रयास है कि कांवड़ यात्रा दिव्य और भव्य हो.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने अब तक के कार्यकाल को किस तरह के देखते हैं. इस सवाल के जवाब में सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी के मार्ग दर्शन में उनकी सरकार ने अनेक विकास के काम किए हैं. नवाचार को आगे बढ़ाया है. आगे भी इसे जारी रखने का प्रयास रहेगा. वहीं पहलगाम आतंकी हमले से सबक लेते हुए सरकार की तरफ से सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. केंद्र से भी कांवड़ मेले के लिए फोर्स मांगी गई है.