कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर एक बार फिर हमला हुआ है. यह एक महीने में यह दूसरी घटना है. इस बार गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने इसकी जिम्मेदारी ली ह, जिसके एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
एएनआई के अनुसार, गुरुवार तड़के 85 एवेन्यू और स्कॉट रोड स्थित कैफे में कई गोलियां चलाई गईं. सरे पुलिस सेवा (एसपीएस) के अधिकारी लगभग 4:40 बजे घटनास्थल पर पहुंचे. गोलीबारी के दौरान कर्मचारी परिसर के अंदर मौजूद थे. किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि, अधिकारियों को अभी तक हमले के पीछे के मकसद का पता नहीं चल पाया है.
घटना के बाद, जनता से जांच में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है. स्थानीय निवासी गोलियों की आवाज सुनकर चौंक गए. एक न्यूजरेडियो से बात करते हुए, पास में रहने वाले बॉब सिंह ने कहा, ‘मैंने अपने आंगन से यह सब देखा. मैंने गोलियां चलने की आवाज सुनी, लगभग 5-6 गोलियां, और फिर पुलिस आ गई.’
एक अन्य निवासी, मिशेल गौचर ने कहा, ‘हम आठ गोलियों की आवाज से जाग गए. यह पटाखे नहीं थे और फिर मैं कुत्तों के साथ उठी और मुझे इलाके में सायरन की आवाज सुनाई दी. यह उस जगह से उतनी ही दूरी पर था, जहां कुछ हफ्ते पहले कप्स कैफ पर गोलीबारी हुई थी.’
कपिल शर्मा और उनकी टीम ने अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है. घटना के कुछ घंटों बाद, गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने घटना की जिम्मेदारी ली है. गोल्डी ढिल्लों का एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रहा है. पोस्ट में लिखा था, ‘जय श्री राम. आज जो कपिल शर्मा के कप्स कैफे, सरे में गोलीबारी हुई है, इसकी जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग देती है. अगली करवाई जल्दी ही मुंबई में करेंगे.’
हालांकि, अभी तक इस दावे की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. सरे पुलिस अधिकारियों ने अभी तक कैप्स कैफे में हुई गोलीबारी के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है. आगे की जानकारी का इंतजार है. यह कथित हमला जुलाई के दूसरे हफ्ते में इसी कैफे में हुई गोलीबारी की घटना के एक महीने से भी कम समय बाद हुआ है, जब कई गोलियां चली थीं.
