बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर आज ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने अपने भाई और फिल्म मेकर बोनी कपूर संग गंगा आरती की. परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती के सान्निध्य में अनिल कपूर और बोनी कपूर ने मां गंगा की आरती में भाग लिया. गंगा आरती करते हुए उनकी वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं.
स्वामी चिदानंद ने अनिल कपूर और बोनी कपूर को रूद्राक्ष का पौधा भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया तथा अपनी फिल्मों के माध्यम से धर्म, सेवा, संस्कार और संवेदना फैलाने के लिए प्रेरित किया. स्वामी जी ने कहा कि कपूर परिवार भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सिनेमा के माध्यम से देश के युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं. इस अवसर पर अनिल कपूर और बोनी कपूर ने अपने माता-पिता सुरिंदर कपूर और निर्मल कपूर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
इससे पहले अनिल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी मां के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा.’मिस्टर इंडिया’ फेम एक्टर ने एक इमोशनल नोट में लिखा, ‘मेरी मां ने न केवल सीधे बल्कि उन लोगों के जरिए भी कई लोगों के जीवन को छुआ, जिन्हें उन्होंने पाला, सहारा दिया और प्यार किया. वह उन महिलाओं में से एक थीं जो कभी सुर्खियों में नहीं रहीं, लेकिन जिनकी ताकत ने सभी को एक साथ रखा’.
उन्होंने आगे लिखा, ‘एक खामोश स्तंभ, हमेशा मुस्कुराती, हमेशा परवाह करने वाली, हमेशा अपने आस-पास के लोगों को प्यार देती. वह वह गोंद थी जिसने हमारे परिवार को हमारे बच्चों से लेकर हमारे पोते-पोतियों और यहां तक कि हमारे परिवार और दोस्तों तक को एक साथ रखा. उनका प्यार दूर-दूर तक फैला हुआ था’.
दोनों भाईयों ने कहा कि उनके जीवन में जो भी मूल्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना है, वह उन्हें अपने माता-पिता से विरासत में मिली है. उन्होंने परमार्थ निकेतन के आध्यात्मिक वातावरण को अत्यंत शांति और प्रेरणा देने वाला बताया.
