उत्तराखंड में इस बार ‘अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता 2025’ को लेकर नया रिकॉर्ड बनाने जा रहा है. यह रिकॉर्ड अब तक हुए राष्ट्रीय वन खेल कूद प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को लेकर है. उत्तराखंड में न केवल अब तक हुए राष्ट्रीय वन खेलकूद प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की संख्या के लिहाज से बल्कि, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिहाज से भी पहली बार सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व होने जा रहा है.
उत्तराखंड वन विभाग इन दिनों आगामी राष्ट्रीय वन खेलकूद प्रतियोगिताओं को लेकर तैयारी में जुटा हुआ है. प्रतियोगिता के नजदीक आने के साथ ही एक तरफ जहां राष्ट्रीय खेलों की तैयारी समय से पूरा करने का दबाव है तो वहीं प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों और खिलाड़ियों को लेकर भी रजिस्ट्रेशन की संख्या बढ़ रही है.
खास बात ये है कि प्रदेश में वन खेलकूद प्रतियोगिता के लिए अब तक 3,390 खिलाड़ियों और सपोर्टिंग स्टाफ के उत्तराखंड पहुंचने के लिए रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं. इससे भी बड़ी बात ये है कि प्रदेश में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अलावा वन विभाग से संबंध रखने वाले सभी संस्थाओं के खिलाड़ी और प्रतिनिधि उत्तराखंड पहुंच रहे हैं.
राष्ट्रीय वन खेलकूद प्रतियोगिता को लेकर एक नया रिकॉर्ड है. क्योंकि, इससे पहले कभी भी किसी प्रदेश में आयोजन के दौरान सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संस्थाओं से प्रतिनिधित्व नहीं हुआ है. पिछली बार 39 राज्य, केंद्र शासित प्रदेश या संस्थाओं की ओर से खेलों में प्रतिनिधित्व किया गया था. जबकि, इस बार सभी 42 राज्य केंद्र शासित प्रदेश और संस्थाएं खेलों में अपने प्रतिनिधि भेजने जा रहे हैं.
इस बार इन खेलों में एक और खास बात महिला खिलाड़ियों के प्रतिनिधित्व को लेकर भी दिखाई देगी. दरअसल, 3,390 खिलाड़ियों में 710 महिला खिलाड़ी भी खेलों में शामिल होंगी. इस तरह इस बार वन विभाग के राष्ट्रीय खेलों में महिला प्रतिभागियों की मौजूदगी भी बेहद ज्यादा रहने वाली है.
प्रदेश में वैसे तो सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के अलावा वन विभाग से जुड़े संस्थानों की टीम में पहुंच रही है, लेकिन सबसे बड़ी टीम छत्तीसगढ़ की है. जिसमें 253 खिलाड़ी और सदस्य होंगे. इसके बाद कर्नाटक और मध्य प्रदेश की भी बड़ी टीम उत्तराखंड पहुंच रही है.
छत्तीसगढ़ में हुए आयोजन के दौरान उत्तराखंड ने देश में छठा स्थान हासिल किया था. छत्तीसगढ़ में 27वीं अखिल भारतीय खेलकूद प्रतियोगिता हुई थी और अब 28वीं अखिल भारतीय खेलकूद प्रतियोगिता उत्तराखंड में होने जा रही है. इससे पहले यह प्रतियोगिता हरियाणा में हुई थी और वहां भी उत्तराखंड ने देश में छठा स्थान हासिल किया था.
बता दें कि राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती वर्ष के कार्यक्रमों के ठीक बाद 12 नवंबर से 16 नवंबर तक इन खेलों का आयोजन होना है. जिसमें केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री से लेकर तमाम राज्यों के वन मंत्री और बड़े अधिकारी भी पहुंचने जा रहे हैं.
