‘स्पिरिट’ के बाद अब ‘कल्कि 2898 एडी- 2’ से हुई दीपिका पादुकोण की छुट्टी, मेकर्स ने बताई ये वजह

बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण कल्कि 2898 एडी के सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी. गुरुवार, 18 सितंबर को, प्रभास अभिनीत इस फिल्म के मेकर्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक्ट्रेस के फिल्म से बाहर होने का एलान किया.

प्रोडक्शन हाउस वैजयंती मूवीज ने दीपिका पादुकोण के फैंस के लिए एक दुखद एलान किया है. आज, प्रोडक्शन हाउस ने अपने एक्स हैंडल पर कल्कि के सीक्वल के बारे में एलान करते हुए लिखा, आधिकारिक तौर पर एलान किया जाता है कि दीपिका पादुकोण कल्कि 2898 एडी के आगामी सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी.’

उन्होंने आगे लिखा है, ‘काफी विचार-विमर्श के बाद, हमने अलग होने का फैसला किया है. पहली फिल्म बनाने के लंबे सफर के बावजूद हम पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने में असमर्थ रहे. कल्कि 2898 एडी जैसी फिल्म उस प्रतिबद्धता और उससे भी कहीं अधिक की हकदार है. हम उनके भविष्य के काम के लिए शुभकामनाएं देते हैं.’

बता दें, दीपिका पादुकोण ने अभी तक कल्कि 2898 एडी के सीक्वल से बाहर निकलने के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. ‘कल्कि 2898 एडी’ में दीपिका के साथ मुख्य साउथ रिबेल प्रभास, बॉलीवुड के बादशाह अमिताभ बच्चन और दिशा पटानी भी थीं. दीपिका ने फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और उम्मीद थी कि वह सीक्वल में भी नजर आएंगी. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा.

‘कल्कि 2898 एडी’ का सीक्वल में प्रभास बने रहेंगे. वहीं, दीपिका इसकी हिस्सा नहीं होंगी. हालांकि, दीपिका के लिए यह पहली फिल्म नहीं है, जिससे वो बाहर हुई हैं. इससे पहले, संदीप रेड्डी वांगा ने भी दीपिका को ‘स्पिरिट’ से बाहर कर दिया था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आठ घंटे काम, ज्यादा वेतन और फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी जैसी दीपिका की डिमांड संदीप वांगा को रास नहीं आईं, जिसकी वजह से उन्होंने दीपिका को अपने आगामी प्रोजेक्ट से बाहर करने का एलान किया. दीपिका, जो हाल ही में मां बनी हैं, अपने काम के घंटे कम करके अपने काम और निजी जीवन में संतुलन बनाने की कोशिश कर रही हैं.