दिल्ली के बाद अब राजस्थान में भी टैक्स फ्री हुई ‘120 बहादुर’, फरहान अख्तर ने CM का जताया आभार

एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैपी स्टूडियोज की वार एपिक 120 बहादुर आखिरकार सिनेमाघरों में लगी हुई है. अपनी ग्रैंड थिएटर रिलीज के साथ 120 बहादुर बहुत तेजी से पूरे देश की सबसे बड़ी बातचीत का हिस्सा बन गई है. फिल्म की शानदार रन के बीच इसे हाल ही में दिल्ली में टैक्स-फ्री किया गया था, और अब एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इसे राजस्थान में भी टैक्स-फ्री कर दिया गया है.

फरहान अख्तर ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर फिल्म के राजस्थान में टैक्स फ्री की जानकारी दे लिखा है, ‘हम राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, यह उनका सम्मानजनक कदम है, जो मेजर शैतान सिंह भाटी (PVC) और चार्ली कंपनी के प्रत्येक सैनिक के असाधारण साहस को श्रद्धांजलि देता है.

120 बहादुर बहादुर सैनिकों के बलिदान की कहानी है, वे सैनिक जो पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और देश की रक्षा के लिए दुश्मन सेना का डटकर सामना करते रहे. यह एक ताकतवर और अहम कहानी है, जिसे हर भारतीय को देखना चाहिए. इसी वजह से फिल्म को कई राज्यों में टैक्स-फ्री किया जा रहा है. दिल्ली के बाद अब राजस्थान में भी इसे टैक्स-फ्री कर दिया गया है. यह हमारे सैनिकों के साहस और उनके बलिदान को दिया गया एक और शानदार सलाम है.

120 बहादुर, 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 भारतीय सैनिकों की जबरदस्त बहादुरी को दिखाती है, जिन्होंने 1962 के युद्ध में हुई मशहूर रेजांग ला की लड़ाई में हिस्सा लिया था. फरहान अख्तर इस फिल्म में मेजर शैतान सिंह भाटी, पीवीसी, की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने साथियों के साथ मिलकर भारतीय सेना के इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण लड़ाइयों में से एक में हर मुश्किल के सामने डटे रहे. फिल्म के दिल में एक ही अटूट लाइन गूंजती है, ‘हम पीछे नहीं हटेंगे’.

यह फिल्म रजनीश ‘रेजी’ घोष ने डायरेक्ट की है और इसे रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़) ने प्रोड्यूस किया है.