मोहब्बेवाला चौक के पास टाइल लदे ट्रक में आग, फायर यूनिट ने समय रहते पाया काबू

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बड़ा हादसा हो गया. राजस्थान के टाइल्स ला रहा ट्रक अनियंत्रित होकर एक खड़ी कार से टकरा गया. ट्रक के कार से टकराते ही उसमें आग लग गई. दोनों वाहन धू-धू कल जलने लगे. आग इतनी भीषण थी कि बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाना पड़ा.

देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार तड़के एक अनियंत्रित ट्रक, कार के ऊपर पलट गया. इससे दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. ट्रक के कार के ऊपर पलटने की तेज आवाज और आग की ऊंची लपटें देखकर इलाके के लोग जग गए. आग की लपटें देखकर लोग डर गए. स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत इसकी सूचना फायर बिग्रेड को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड और कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची. फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. गनीमत की बात ये रही कि ट्रक के पलटने के बाद आग लगने से पहले ही चालक बाहर कूद गया. इस कारण उसकी जान बच गई. हालांकि इस दौरान गुम चोट लगने से वो बेहोश हो गया. वहीं खड़ी कार में उस समय कोई सवार नहीं था.

पुलिस के अनुसार ट्रक चालक राजस्थान से ट्रक में टाइल्स लेकर देहरादून आ रहा था. इस दौरान देहरादून बॉर्डर में प्रवेश करने के बाद आशारोड़ी से आगे ढलान होने के कारण ट्रक का नियंत्रण खो गया. काफी कोशिशों के बाद भी चालक ट्रक पर काबू नहीं पा सका. इस दौरान बेकाबू ट्रक मोहब्बेवाला में खड़ी कार से टकरा गया. गाड़ी में टक्कर लगने के बाद ट्रक चालक को चोटें आई हैं.

ट्रक चालक अभी बेहोशी की हालत में है. इस कारण उसके नाम की जानकारी नहीं हो पाई है. पुलिस द्वारा ट्रक की आरसी में दिए गए नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन मोबाइल नंबर बंद आ रहा है. उधर कार चालक भगवानपुर के रहने वाले हैं. वो किसी कार्य के लिए मंगलवार रात में देहरादून आए थे. अपनी ब्रेजा कार होटल के सामने खड़ी की हुई थी. घटना में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है.