हरिद्वार से देहरादून जा रही बस बनी आग का गोला, यात्रियों में मची चीख-पुकार

उत्तराखंड के देहरादून रायवाला क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब हरिद्वार से देहरादून जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस में अचानक आग लग गई। नेपालीफार्म के नजदीक चलती बस के इंजन से पहले धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। बस में बैठे यात्रियों के बीच घबराहट का माहौल बन गया। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार दोपहर करीब 1:45 बजे की है। रोडवेज बस हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही थी। इसी दौरान नेपालीफार्म के पास पहुंचने पर बस के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक को खतरे का एहसास होते ही उसने तत्काल वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। देखते ही देखते इंजन की तरफ आग की लपटें उठने लगीं। बस में मौजूद यात्रियों को बिना देरी किए नीचे उतारा गया। चालक की तत्परता के चलते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है

बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही रायवाला कोतवाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।

घटना के कारण हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। नेपालीफार्म के आसपास सड़क पर वाहनों की आवाजाही करीब आधे घंटे तक बाधित रही। बस में लगी आग और मौके पर जुटी भीड़ के चलते यातायात का दबाव बढ़ गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकलवाया। आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद हाईवे पर यातायात फिर से सुचारू कर दिया गया।

हादसे के बाद बस से उतारे गए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की दूसरी बस की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित रवाना कर दिया गया। इस घटना में राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि चालक की समय पर दिखाई गई समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया। चलती बस में आग लगने के बावजूद सभी यात्रियों की जान सुरक्षित रही।