ऋषिकेश में हादसा, पटरी से उतरी दून एक्सप्रेस, योग नगरी स्टेशन के पास हुई घटना

योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को रेलवे की एक बड़ी लापरवाही या तकनीकी खामी का मामला सामने आया है. हावड़ा से ऋषिकेश पहुंची दून एक्सप्रेस का एक कोच वॉशिंग के लिए ले जाते समय पटरी से उतर गया. गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस दौरान कोच पूरी तरह खाली था और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था. यदि कोच में यात्री मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था.

जानकारी के मुताबिक हावड़ा से चलकर दून एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे ऋषिकेश स्थित योग नगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी. ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे वॉशिंग के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान करीब 11 बजे ट्रेन का एक कोच अचानक पटरी से उतर गया. घटना के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया.

Rishikesh

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग की मैकेनिकल टीम मौके पर पहुंच गई. टीम की ओर से बेपटरी हुए कोच को दोबारा पटरी पर लाने और तकनीकी खामी को दूर करने का काम में जुटी. फिलहाल रेलवे कर्मचारियों की प्राथमिकता कोच को सुरक्षित तरीके से पटरी पर लाने की है. ट्रेन रात 8:30 बजे हावड़ा के लिए रवाना होनी है.

इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या रेलवे की तकनीकी टीम समय रहते बेपटरी हुए कोच को ठीक कर ट्रेन के साथ जोड़ पाएगी? क्योंकि दून एक्सप्रेस को बुधवार रात करीब 8:30 बजे योग नगरी रेलवे स्टेशन से हावड़ा के लिए रवाना होना है. ऐसे में यदि निर्धारित समय तक कोच की मरम्मत और तकनीकी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती है तो यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ट्रेन के संचालन पर इसका क्या असर पड़ेगा, यह रेलवे की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद ही पता चल सकेगा.