गाली-गलौज और मारपीट से परेशान कॉलोनी वासियों ने खोला मोर्चा, सुरक्षा की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

हल्द्वानी के तल्ली बमौरी-लालडांट इलाके की शक्तिनगर फेज-वन कॉलोनी में मजदूर क्वार्टरों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्वार्टरों में रहने वाले लोगों के बीच आए दिन विवाद, मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं होती हैं. बीती रात विवाद सड़क तक पहुंचने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर पार्षद को ज्ञापन सौंपा और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने मकान मालिक का पुलिस एक्ट में चालान किया है.

हल्द्वानी के तल्ली बमौरी-लालडांट इलाके में मजदूर क्वार्टरों को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध अब खुलकर सामने आ गया है. मामला शक्तिनगर फेज-वन कॉलोनी का है, जहां स्थानीय लोगों के मुताबिक अलग-अलग प्लाटों पर बड़ी संख्या में मजदूर क्वार्टर बनाए गए हैं. आरोप है कि इन क्वार्टरों में रहने वाले लोगों के बीच आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विवाद मारपीट, गाली-गलौज और चाकूबाजी तक पहुंचने के आरोप सामने आते रहे हैं.

बीती रात भी एक बार फिर विवाद हुआ और मामला कॉलोनी से निकलकर सड़क तक पहुंच गया. इसके बाद आसपास रहने वाले लोगों में नाराजगी बढ़ गई. स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि लगातार होने वाले विवादों और कथित अराजकता का असर अब उनके रोजमर्रा के जीवन पर पड़ रहा है. महिलाओं का कहना है कि शाम के समय घर से बाहर निकलने में उन्हें और उनकी बेटियों को परेशानी महसूस होती है. उनका आरोप है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है.

इसी समस्या को लेकर स्थानीय लोग सड़क पर उतरे और प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि क्षेत्र में लगातार बिगड़ रहे माहौल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर है. प्रदर्शन के बाद स्थानीय लोगों ने पार्षद को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के जरिए मजदूर क्वार्टरों की व्यवस्था की जांच कराने, विवादों पर प्रभावी कार्रवाई करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त व सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की गई है. वहीं मजदूरों के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस ने मकान मलिका का पुलिस एक्ट में चालान करते हुए मजदूरों के सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं.