पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश ने मसूरी-देहरादून मार्ग की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ा दी हैं। पानी वाले बैंड के पास पहाड़ी दरकने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क संकरी होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। वहीं ऊपर से गिरते मलबे और पत्थरों ने राहगीरों की चिंता बढ़ा दी है।
सबसे चिंता की बात यह है कि जिस स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। उससे करीब 100 मीटर ऊपर भी सड़क का एक हिस्सा खिसककर क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे साफ है कि खतरा केवल सड़क तक सीमित नहीं है, बल्कि पहाड़ी का बड़ा हिस्सा लगातार दबाव में है। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो सड़क के और हिस्से के धंसने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता प्रदीप शाही ने बताया कि पुश्ता धंसने और सड़क सिंगल लेन रहने से बड़े और भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। छोटे वाहनों की आवाजाही जारी है।
कैम्पटी रोड पर एक मकान में गुरुवार को दरारें पड़ी थीं। वह अभी पूरी तरह भरभरा कर ध्वस्त हो गया।
वहीं गुरुवार तड़के मसूरी-चकराता एनएच 707ए, मसूरी बैंड से लगभग तीन किमी पहले कर्नल विला और डिम्टा बैंड के बीच सड़क पूरी तरह से दरक गई, जिससे यातायात बाधित हो गया।
मसूरी आने वाले वाहनों को विकासनगर देहरादून और अगलाड़ थत्यूड़ मार्ग से डायवर्ट किया गया। एनएच ने दो जेसीबी लगाकर सड़क को छोटे वाहनों के लिए चालू किया और दोपहर एक बजे यातायात फिर से शुरू हो गया। हालांकि, यहां मिट्टी की पकड़ कमजोर है, जिससे फिर से क्षति की आशंका है।
