हरिद्वार में मुख्यमंत्री धामी ने किया शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत, चरण प्रक्षालन कर जताया सम्मान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कांवड़ मेले में शामिल होने आए लाखों शिवभक्त कांवड़ियों के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए हरिद्वार पहुंचे। राज्य सरकार की ओर से अलकनंदा होटल परिसर में शिवभक्तों के सम्मान में भव्य स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री धामी ने कांवड़ यात्रियों का आत्मीय स्वागत कर प्रदेश की अतिथि देवो भवः की परंपरा को आगे बढ़ाया।मुख्यमंत्री के हरिद्वार पहुंचते ही शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। पूरे परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा के लिए स्थापित मुख्यमंत्री सेवा शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, प्राथमिक उपचार, पेयजल, विश्राम एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ने शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है और राज्य सरकार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।