मुख्यमंत्री धामी ने दी चम्पावत को दोहरी सौगात, एमआरआई मशीन का उद्घाटन और सिटी सेंटर का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने गृह जनपद चम्पावत को विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में दो महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान कीं। उन्होंने जिला अस्पताल में अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का विधिवत उद्घाटन किया तथा रोडवेज स्टेशन परिसर में प्रस्तावित सिटी सेंटर निर्माण परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में स्थापित एमआरआई मशीन का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मशीन के संचालन से अब चम्पावत और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी, देहरादून अथवा अन्य शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने रोडवेज स्टेशन परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चम्पावत के शहरी विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा देगी। सिटी सेंटर के विकसित होने से क्षेत्रवासियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और नगर का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।