भिकियासैंण के पास दर्दनाक सड़क हादसा, चमड़खान जा रही जगरियों की कार गहरी खाई में गिरी, तीन की मौत

जिले के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र में आज गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. हादसा रापड़–गंगोड़ा–चमड़खान मोटर मार्ग पर हुआ. यहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.

मिली जानकारी के अनुसार कार संख्या UK04 T 6683 सुबह करीब साढ़े चार बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई. बताया जा रहा है कि वाहन में तीन लोग सवार थे, जो नौघरिया (सिनौड़ा) क्षेत्र से जागर कार्यक्रम में शामिल होकर वापस चमड़खान (तहसील रानीखेत) लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे जा गिरी.

दुर्घटना की सूचना मिलते ही तहसील मुख्यालय भिकियासैंण से तहसीलदार बर्खा जलाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम तथा SDRF की टीम मौके पर पहुंची. SDRF टीम ने कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

SDRF टीम प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है. हादसे की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. रेस्क्यू अभियान में SDRF प्रभारी महिपाल सिंह, कांस्टेबल हरीश पांडेय, अमित, राजेंद्र, जगमोहन, आनंद तथा होमगार्ड रोहित शामिल रहे.

मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत, कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष की पहचान हुई है. तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. बताया गया कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे, जो रात्रि में ग्राम चमोली पुसैला में जागर लगाकर वापस अपने घर जा रहे थे.