उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने एम्स ऋषिकेश की टेलीमेडिसिन पहल को सराहा, छात्रों को बांटी डिग्रियां

उत्तराखंड: देश के उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का आज उत्तराखंड दौरे पर आए हैं. वो एम्स ऋषिकेश के छठवें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए. इस दौरान उपराष्ट्रपति ने पास आउट हुए छात्रों को डिग्रियां प्रदान कीं. उपराष्ट्रपति ने AIIMS ऋषिकेश की टेलीमेडिसिन पहलों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा को अस्पताल परिसरों से आगे बढ़कर दूरदराज और वंचित आबादी तक पहुंचना चाहिए. इससे पहले जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल और सीएम ने उपराष्ट्रपति का स्वागत किया

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन के दौरे के मद्देनजर एम्स परिसर तक क्षेत्र तीन सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया. पुलिस महकमे ने पूरी तरह से अलर्ट जारी कर दिया. उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए.

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का विमान जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर लैंड हुआ. वहां पर राज्यपाल गुरमीत सिंह और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया. वहां से लेकर एम्स परिसर ऋषिकेश तक पूरे क्षेत्र को तीन विशेष सुरक्षा जोन में बांटा गया. इन तीनों जोन की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसएसपी स्तर के अफसरों को दी गई. सभी अफसरों और पुलिसकर्मियों से 3 घंटे पहले ही ड्यूटी ज्वाइन करने को कहा गया था.

एम्स ऋषिकेश के दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन का विशिष्ट अतिथि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया. उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन उत्तराखंडी पारंपरिक टोपी पहने नजर आए.

गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी उत्तराखंड दौरे पर आई थीं. तब उन्होंने कई कार्यक्रमों में शिरकत की थी. राष्ट्रपति पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल हुई थीं. इसके साथ ही देश की पहली नागरिक उत्तराखंड विधानसभा भवन भी गई थीं. उन्होंने वहां स्पीच भी दी थी. सरकार ने उत्तराखंड रजत जयंती वर्ष पर विधानसभा का विशेष सत्र आहूत किया था. राष्ट्रपति नैनीताल राजभवन के 125 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुई थीं.