चारधाम यात्रा: दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष हेल्थ एडवाइजरी जारी

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने इस बार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर रणनीति तैयार की है. स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे के दिशा निर्देशों में स्वास्थ्य विभाग ने देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष हेल्थ एडवाइजरी जारी की है.

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हेल्थ एडवाइजरी का उद्देश्य यात्रा के दौरान होने वाली हेल्थ समस्याओं को पहले ही कम करना और जागरूकता बढ़ाना है. इसी क्रम में 9 अप्रैल को विभाग के सहायक निदेशक डॉक्टर अमित शुक्ला ने राजस्थान का दौरा किया और वहां के प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की. राजस्थान शासन के प्रमुख सचिव स्तर पर आयोजित इस बैठक में निदेशक पब्लिक हेल्थ और डॉक्टर रवि प्रकाश शर्मा भी मौजूद रहे.

CHAR DHAM YATRA HEALTH ADVISORY

CHAR DHAM YATRA HEALTH ADVISORY

इस दौरान उत्तराखंड सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य सुझावों और दिशा निर्देशों को साझा करते हुए यात्रा से जुड़े संभावित स्वास्थ्य जोखिम और आवश्यक सावधानियों पर गहन चर्चा की गई. विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि राजस्थान से आने वाले तीर्थ यात्रियों को यात्रा से पहले ही स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां सावधानी और गाइडलाइन स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे पूरी तैयारी के साथ यात्रा पर निकल सकें.

इस बैठक में यह भी तय किया गया कि राजस्थान में इन स्वास्थ्य सुझावों को केवल शहरों तक सीमित न रखकर ग्राम स्तर तक पहुंचाया जाएगा. इसके लिए स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और जनप्रतिनिधियों की मदद ली जाएगी. उत्तराखंड सरकार की ओर से जारी हेल्थ एडवाइजरी में खास तौर पर बुजुर्गों, हृदय रोगियों और सांस से संबंधित बीमारियों से ग्रसित लोगों को यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच करने की सलाह दी गई है.

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि हमने विशेष रूप से उन राज्यों को फोकस किया है, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर आते हैं. उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच जरूर करवा लें. जारी दिशा निर्देशों का पालन करें ताकि यात्रा सुरक्षित और सुखद हो सके.

चारधाम यात्रा हेल्थ एडवाइजरी

  • बाहरी राज्यों के तीर्थयात्रियों को यात्रा से पहले पूर्ण मेडिकल चेकअप कराना अनिवार्य है
  • यात्रा से 2-3 सप्ताह पहले अपना चेकअप करवाएं और नियमित दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक साथ रखें
  • अत्यधिक ऊंचाई (2700 मीटर से अधिक) के कारण हृदय, मधुमेह या श्वास संबंधी बीमारियों वाले बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतनी होगी
  • उच्च ऊंचाई पर कम ऑक्सीजन और अत्यधिक ठंड का सामना करना पड़ सकता है. धीरे-धीरे ऊंचाई के अनुकूल बनें
  • प्रतिदिन कम से कम 2 लीटर तरल पदार्थ लें और खाली पेट यात्रा न करें
  • यात्रा रूट पर 1350 से अधिक डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात हैं। किसी भी असुविधा होने पर तुरंत मेडिकल रिलीफ पोस्ट या स्क्रीनिंग सेंटर से संपर्क करें
  • हाइड्रेटेड रहें, पर्याप्त गर्म कपड़े रखें और यात्रा के दौरान शराब या धूम्रपान से बचें
  • अपने साथ पर्ची (Prescription) और डॉक्टर का संपर्क नंबर अवश्य रखें
  • आपात स्थिति में 104 या 108 नंबर पर संपर्क करें