उत्तराखंड के 11 मंत्रियों को मिला जिलों का प्रभार, जानें कौन देखेगा कहां का विकास कार्य

धामी सरकार ने अपने मंत्रियों को जिलों में जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समिति तथा विकास कार्यों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंप दी है. राजभवन की मंजूरी के बाद कुल 11 मंत्रियों को ये जिम्मेदारी दी गई है. ये मंत्री राज्यपाल से मिली अनुमति के बाद अब इन जिलों के विकास कार्यों की निगरानी करेंगे.

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को हरिद्वार जिले का प्रभारी बनाया गया है. हरिद्वार में 2027 में अर्धकुंभ होना है. अर्धकुंभ में लाखों श्रद्धालु हरिद्वार आएंगे. इस कारण से सतपाल महाराज की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है. सतपाल महाराज के पास अभी लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण, संस्कृति, धर्मस्व, पर्यटन, सिंचाई, लघु सिंचाई, सामान्य प्रशासन विभाग और भारत-नेपाल उत्तराखंड नदी परियोजनाएं जैसे मंत्रालय हैं.

REKHA ARYA IN CHARGE PITHORAGARH

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को दो जिलों का प्रभारी बनाया गया है. वो टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों के प्रभारी बने हैं. रुद्रप्रयाग जिले से हाल ही में भरत चौधरी को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है. गौरतलब है कि अगले महीने से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है. चारधाम यात्रा के समय केदारनाथ में ही सबसे ज्यादा श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. गणेश जोशी जोशी के पास अभी कृषि, कृषि शिक्षा, कृषि विपणन, उद्यान एवं कृषि प्रसंस्करण, उद्यान एवं फलोद्योग, रेशम विकास और सैनिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय भी हैं.

डॉक्टर धन सिंह रावत को अल्मोड़ा जिले का प्रभारी बनाया गया है. धन सिंह से अभी हुए कैबिनेट विस्तार के समय स्वास्थ्य मंत्रालय वापस ले लिया गया था. फिलहाल धन सिंह के पास विद्यालयी शिक्षा (बेसिक एवं माध्यमिक), संस्कृत शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और सहकारिता विभाग हैं.

कैबिनेट विस्तार के समय हैवीवेट हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को देहरादून जिले का प्रभारी बनाया गया है. उनियाल देहरादून जिला नियोजन और अनुश्रवण समिति के साथ यहां के विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे. सुबोध उनियाल के पास अभी वन, निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग हैं.