क्रिकेटर कुलदीप यादव वंशिका संग मसूरी में 7 फेरे लेंगे:14 मार्च को शादी, 17 को लखनऊ में रिसेप्शन

भारतीय क्रिकेट टीम के फिरकी गेंदबाज कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी करने जा रहे हैं। दोनों 14 मार्च को उत्तराखंड के मसूरी में सात फेरे लेंगे। तीन दिन बाद यानी 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी होगी।

इस बीच, सोमवार को कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने लखनऊ में CM योगी को शादी का न्योता दिया। कुलदीप और वंशिका ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी, जिसमें क्रिकेटर रिंकू सिंह, प्रिया सरोज समेत कई करीबी लोग शामिल हुए थे।

पहले दोनों शादी नवंबर 2025 में तय हुई थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त शेड्यूल और टी20 विश्व कप की तैयारियों की वजह से तारीख आगे बढ़ा दी गई। अब विश्व कप चैंपियन बनने के बाद कुलदीप नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।

कुलदीप की होने वाली पत्नी वंशिका कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं। पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं। वंशिका ऑस्ट्रेलिया में जॉब करती हैं। कुलदीप यादव लाल बंगले इलाके में रहते हैं। दोनों के घर के बीच दूरी सिर्फ 3 किलोमीटर है। दोनों बचपन के दोस्त हैं। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई।

कुलदीप ने साल 2024 में एक इंटरव्यू में कहा था कि वह किसी बॉलीवुड अभिनेत्री से शादी नहीं करेंगे। उनकी पत्नी ऐसी होगी, जो परिवार का ध्यान रख सके। वंशिका के बारे में बात करते हुए कुलदीप ने बताया था कि उनकी जिंदगी में उनके लिए खास जगह है। उनका रिश्ता बहुत पुराना है।