दिल्ली: राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी खतरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है. खुफिया इनपुट मिलने के बाद पुरानी दिल्ली क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है. ऐतिहासिक धरोहर लाल किला के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है.
खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली सहित देश के अन्य शहरों में धमाके की साजिश रच सकता है. बताया जा रहा है कि इस संगठन द्वारा इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस का इस्तेमाल कर हमले की योजना बनाए जाने की आशंका जताई गई है. इनपुट में लालकिले के आसपास के इलाके व चांदनी चौक क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का भी उल्लेख बताया गया है. एजेंसियां इस इनपुट की गंभीरता से जांच कर रही हैं, हालांकि अभी तक किसी ठोस कार्रवाई या संदिग्ध गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दिल्ली पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए लालकिला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक, प्रमुख बाजारों व मंदिरों में गश्त बढ़ा दी है. प्रवेश मार्गों पर चेकिंग तेज कर दी गई है. सीसीटीवी निगरानी को मजबूत किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक सामान्य सुरक्षा अलर्ट है. जनता को घबराने की जरूरत नहीं है.
हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने इस संदर्भ में पिछले वर्ष हुई एक बड़ी घटना का भी उल्लेख किया है. नवंबर 2025 में लालकिले के पास एक कार में विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए थे. जांच में सामने आया था कि विस्फोटक से भरी कार में धमाका हुआ था, जिससे आसपास के वाहनों में आग लग गई थी. इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई थी.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा इसकी जांच जारी है. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने व किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है. एजेंसियां लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही हैं. राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्च स्तर पर निगरानी बनाए रखी जा रही है.
