देश में इस समय क्रिकेट फीवर चल रहा है. 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने जा रहा है. खेल प्रेमी बेसब्री से 7 फरवरी का इंतजार कर रहे हैं. इधर 6 फरवरी से भारत की सबसे बड़ी घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट मुकाबले भी शुरू हो रहे हैं. लीग मैचों के बाद 38 टीमों में से 8 टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंची हैं.
उत्तराखंड अपने 8 साल के क्रिकेट के सफर में चौथी बार रणजी क्वार्टरफाइनल खेलने जा रहा है. इधर जिम्बाब्वे में चल रहे अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम के फाइनल में पहुंचने से उधर भी भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें लगी हैं. 6 फरवरी को भारतीय लड़कों और इंग्लैंड के यूथ के बीच फाइनल होना है.
6 फरवरी से रणजी ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में उत्तराखंड का झारखंड से मुकाबला होने जा रहा है. पांच दिवसीय क्वार्टरफाइनल मैच झारखंड की औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम पर खेला जाएगा. मैच सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होगा. उत्तराखंड के कप्तान कुणाल चंदेला हैं तो ईशान किशन के भारतीय टीम के साथ टी20 वर्ल्ड कप में बिजी रहने के कारण विराट सिंह झारखंड की कप्तानी करेंगे.
उत्तराखंड की क्रिकेट टीम ने इस रणजी सीजन शानदार क्रिकेट खेली है. अपने 7 लीग मैचों में से उन्होंने सिर्फ 2 मैच हारे और 4 मैचों में जीत हासिल की. 1 मैच ड्रॉ रहा. इस तरह अपने ग्रुप में सेकेंड टॉपर रहकर उत्तराखंड की टीम ने नॉकआउट में प्रवेश किया.
उत्तराखंड के ये खिलाड़ी हैं मैच विनर: लीग मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले कप्तान कुणाल चंदेला, मयंक मिश्रा, जगदीश सुचित, भूपेन लालवानी और विकेट कीपर सौरभ रावत पर क्वार्टरफाइनल में भी सबकी नजरें रहेंगी. यही खिलाड़ी उत्तराखंड के की प्लेयर भी रहेंगे.
