लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार उत्तराखंड के औली में प्रस्तावित नेशनल विंटर गेम्स की तारीखों का ऐलान हो गया है. पर्यटन विभाग, गढ़वाल मंडल विकास निगम और उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में ये फैसला लिया है. 12 से 16 फरवरी तक औली में होने जा रहे औली विंटर कार्निवल में ही नेशनल विंटर गेम्स 2026 का आयोजन किया जाएगा.
गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा ने बताया उत्तराखंड के प्रसिद्ध विंटर डेस्टिनेशन औली में विंटर कार्निवाल के साथ ही नेशनल विंटर गेम्स 2026 का भव्य आयोजन 12 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक किया जाएगा. उन्होने बताया मौसम और तापमान के दृष्टिगत यह फैसला लिया गया है. इसमें परिस्थितियों के अनुरूप बदलाव भी संभव है.
विशाल मिश्रा ने बताया विंटर गेम्स के लिए स्पोर्ट्स टीमों को निमंत्रण भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जीएमवीएन भी लॉजिस्टिक के काम तेजी से पूरे कर रहा है. इसके अलावा औली में बर्फ को बनाये रखने के संसाधनों का प्रयोग किये जाने की सारी प्रक्रिया चल रही है. स्नो बीटर मशीन हो या स्नो मेकिंग मशीन हो सभी को उपयोग में लाया जा रहा है.
औली जीएमवीएन गेस्ट हाउस में पूरा ईवेंट संचालित होना है. यहां माइनर अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है. चीयर लिफ्ट, एकोमोडेशन की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है. एसोसिएशन ने बताया 17 से 20 टीमों की आने की संभावना है. यहां अभी तक 250 से अधिक लोगों के लिए व्यवस्था पूरी की जा चुकी है. एमडी जीएमवीएन ने कहा उनके साथ युटीडीबी, जिला प्रशासन और विंटर गेम्स एसोसिएशन सभी कंधे से कंधा मिला कर काम करे रहें है. उन्हे उम्मीद है कि सभी लोग मिल कर औली में एक भव्य और सफलतम विंटर गेम्स का आयोजन करेंगे.
