टिहरी एक्रो फेस्टिवल में बड़ा हादसा, आसमान से सीधे झील में गिरे दो पैराग्लाइडर

एशिया के सबसे बड़े बांधों में शुमार टिहरी झील के किनारे कोटी कॉलोनी में चल रहे एक्रो फेस्टिवल एवं एसआईवी चैंपियनशिप में बड़ा हादसा होने से टल गया. जहां आसमान में दो पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर सीधे टिहरी झील में गिर गए. गनीमत रही कि टिहरी झील में पहले से ही एसडीआरएफ की विशेष रेस्क्यू टीमें तैनात थी. जिन्होंने रेस्क्यू कर दोनों पैराग्लाइडरों की जान बचाई.

बता दें कि टिहरी झील के किनारे कोटी कॉलोनी में टिहरी एक्रो फेस्टिवल एवं नेशनल एसआईवी चैंपियनशिप 2026 चल रहा है. इसी कड़ी में गुरुवार यानी 29 जनवरी को आयोजित पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के दौरान दो पैराग्लाइडर अनियंत्रित होकर टिहरी झील में गिर गए. सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत प्रतापनगर क्षेत्र और टिहरी झील में एसडीआरएफ की विशेष रेस्क्यू टीमें पहले से ही तैनात की गई थी.

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम तत्काल बिना समय गंवाए दोनों पैराग्लाइडर पायलटों तक पहुंची. जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. जिसके तहत दोनों पायलटों को सुरक्षित रूप से झील से बाहर निकाला गया. प्राथमिक जांच में दोनों पायलट पूरी तरह से सुरक्षित पाए गए. जिन्हें आवश्यक प्राथमिक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया.

टिहरी में साल 2024 में आयोजित एक्रो पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप में पहले ही दिन हादसा हो गया था. जहां पैराग्लाइडिंग कंपटीशन के दौरान एक एक्रो पायलट हार्दिक कुमार निवासी करनाल (हरियाणा) संतुलन बिगड़ने से टेक ऑफ प्वॉइंट (प्रतापनगर) पर ही गिरकर चोटिल हो गया था. मौके पर मौजूद एसडीआरफ के जवानों ने घायल एक्रो पायलट को स्ट्रेचर से मुख्य मार्ग तक पहुंचाया. फिर एंबुलेंस के जरिए से एम्स ऋषिकेश भेज गया था.