दिल्ली: देशभर के कई जिलों में एवलॉन्च का खतरा मंडरा रहा है. जियो इंफॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टेब्लिशमेंट की तरफ से इसके लिए अलर्ट जारी किया गया है. खास बात ये है कि देशभर में पांच राज्यों के कई जिलों को इसमें शामिल किया गया है. जहां आने वाले दिनों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. उत्तराखंड में भी 5 जिलों के लिए अलर्ट जारी है, जहां ऊंचे क्षेत्रों में विशेष एहतियात बरतने के सुझाव दिए गए हैं.
बता दें कि 23 जनवरी को देशभर में कई जगहों पर भारी बर्फबारी देखने को मिली. हालांकि, मौसम विभाग पहले से ही तेज बारिश और भारी बर्फबारी की संभावना व्यक्त कर रहा था. ऐसे में शुक्रवार को कई ऐसे क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है, जहां पिछले एक दशक से बर्फबारी नहीं हो पाई थी. पिछले कुछ समय से उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी नहीं होने को लेकर चिंता जाहिर की जा रही थी. ऐसे में जनवरी महीने के अंतिम सप्ताह में हुई यह बारिश और बर्फबारी शुभ संकेत माने जा रहे हैं.
उधर, अब डीजीआरई यानी डिफेंस जियो इंफॉर्मेटिक्स रिसर्च एस्टेब्लिशमेंट (DGRE) ने भी देशभर के लिए एवलांच को लेकर अलर्ट जारी किया है. यह अलर्ट देश के पांच राज्यों के लिए जारी हुआ है. खास बात ये है कि इन पांच राज्यों में उत्तराखंड भी शामिल है. जहां एवलॉन्च के खतरे के लिए 5 जिले विशेष एहतियात के तौर पर रखने के सुझाव दिए गए हैं.
रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान के अलर्ट पर गौर करें तो 23 जनवरी से लेकर 24 जनवरी तक के लिए यह अलर्ट जारी हुआ है. जिसमें अलग-अलग जिलों के लिए संभावनाओं को देखते हुए रेड, ऑरेंज, येलो और ग्रीन अलर्ट जारी किए गए हैं. एवलॉन्च का सबसे ज्यादा खतरा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के लिए बताया गया है.

उत्तराखंड में शुक्रवार को केदारनाथ से लेकर कुछ निचले क्षेत्रों में भी बर्फबारी देखने को मिली. धनोल्टी से लेकर मसूरी तक भी हल्की बर्फबारी देखने को मिली. इसी तरह उत्तरकाशी से लेकर चमोली और पिथौरागढ़ से लेकर अल्मोड़ा जिले के ऊंचे स्थान तक भी बर्फबारी देखने को मिली है.
