दीप्ति शर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बनीं गेंदबाज

भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने मंगलवार 30 दिसंबर को तिरुवनंतपुरम में श्रीलंका के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में अपना 152वां विकेट लेकर इतिहास रच दिया. अब वो महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी गई हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट को पीछे छोड़ा हैं, जिनके नाम 151 टी20 इंटरनेशनल विकेट थे. ​​पाकिस्तान की निदा डार 152 पारियों में 144 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं.

महिला टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज

152 विकेट – दीप्ति शर्मा (भारत)

151 विकेट – मेगन शट (ऑस्ट्रेलिया)

144 विकेट – निदा डार (पाकिस्तान)

144 विकेट – हेनरीट इशिमवे (रवांडा)

142 विकेट- सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड)

अगर हम महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाज के बारे में बात करें तो उस लिस्ट में दीप्ति शर्मा तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं. उनके नाम अब को 334 इंटरनेशनल विकेट हो चुके हैं. भारत की तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी 355 विकेट के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि इंग्लैंड की कैथरीन साइवर ब्रंट 335 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं.

महिला क्रिकेट में सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय विकेट

355 – झूलन गोस्वामी (भारत)

335 – कैथरीन साइवर-ब्रंट (इंग्लैंड)

334 – दीप्ति शर्मा (भारत)

331 – एलिसे पेली (ऑस्ट्रेलिया)

323 – सोफी एक्लेस्टोन (इंग्लैंड)

317- शबनीम इस्माइल (SA)

दीप्ति शर्मा का कारनामा
इससे पहले 28 वर्षीय दीप्ति शर्मा ने पुरुष और महिला क्रिकेट दोनों में टी20 इंटरनेशनल में 1,000 रन और 150 विकेट लेने वाली पहली क्रिकेटर बनीं थीं. ICC महिला T20I ऑलराउंडर रैंकिंग में अभी नंबर 1 पर मौजूद दीप्ति ने भारत के लिए 133 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. महिला विश्व कप 2025 में उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था, जहां भारत ने अपनी धरती पर पहला खिताब जीता था.

पांचवें टी20 मैच की बात करें तो भारत ने 175 रन का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए 15 रनों से मैच जीता और 5-0 से सीरीज अपने नाम की. दीप्ति ने मैच में चार ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया. टी20 की इस उपलब्धि के अलावा, दीप्ति ने टेस्ट में 20 और वनडे में 162 विकेट लिए हैं.

दीप्ति विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी में भी सबसे बड़े नामों में से एक बनकर उभरीं, उन्हें UP वॉरियर्स ने 3.2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जो लीग के इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी बोली है.