संतोष ट्रॉफी लीग्स फाइनल में पहुंची उत्तराखंड फुटबॉल टीम, यूपी से होगा मुकाबला

उत्तराखंड फुटबॉल टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य के खेल इतिहास में एक नया और गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया है. इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे टीम के चार कोचिंग स्टाफ सदस्यों का अथक परिश्रम, अनुशासन और समर्पण मुख्य कारण रहा है. जिस स्तर से उत्तराखंड फुटबॉल ने अपना सफर शुरू किया था, वहां से राष्ट्रीय पहचान बनाना आसान नहीं था, लेकिन इन चार कोचों की रणनीति, मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत ने टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया.

इन कोचों के नेतृत्व में उत्तराखंड फुटबॉल टीम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया है. यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह राज्य के खेल इतिहास में पहली बार फुटबॉल में राष्ट्रीय स्तर का रजत पदक है. इस सफलता ने न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि उत्तराखंड में फुटबॉल के प्रति नई उम्मीद और उत्साह भी पैदा किया है. अब गुरुवार को यूपी से फाइनल मैच खेला जाएगा.

आगरा में आयोजित प्रतिष्ठित संतोष ट्रॉफी फुटबॉल प्रतियोगिता में भी उत्तराखंड टीम का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा. टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए संतोष ट्रॉफी के लीग्स के फाइनल राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है. यह उत्तराखंड फुटबॉल के लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है. इससे पहले वर्ष 2014 में उत्तराखंड ने पहली बार संतोष ट्रॉफी लीग्स फाइनल राउंड में प्रवेश किया था. अब लगभग एक दशक बाद टीम ने दोबारा यह मुकाम हासिल किया है. क्वालिफिकेशन मुकाबलों के दौरान उत्तराखंड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ को 1–0 से पराजित किया, जबकि हरियाणा जैसी मजबूत टीम को 2–0 से शिकस्त दी. खास बात यह रही कि उत्तराखंड ने केवल दो मुकाबले खेलकर ही फाइनल राउंड के लिए क्वालिफिकेशन सुनिश्चित कर लिया, जो टीम की मजबूती और आत्मविश्वास को दर्शाता है.

उत्तराखंड फुटबॉल टीम की यह सफलता कोचिंग स्टाफ, खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सामूहिक मेहनत का परिणाम है. यह उपलब्धि राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी. आने वाले समय में उत्तराखंड को फुटबॉल के राष्ट्रीय मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करेगी.