अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती, सदैव अटल पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई अन्य बीजेपी नेताओं ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी 101वीं जयंती पर दिल्ली में ‘सदैव अटल’ स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की. इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन समेत कई दिग्गज मौजूद रहे. अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर, 1924 को ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुआ था.

अटल बिहारी वाजपेयी को 3 बार प्रधानमंत्री के रूप में चुना गया था. उन्होंने 1977 से 1979 तक प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के मंत्रिमंडल में भारत के विदेश मंत्री के रूप में भी काम किया था. उनका निधन 16 अगस्त 2018 को हुआ था. उनकी जयंती के मौके पर तमाम नेताओं ने अपने-अपने तरीके से उन्हें याद किया है.

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें शेयर करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर आज दिल्ली में उनके स्मृति स्थल सदैव अटल जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का सौभाग्य मिला. जनसेवा और राष्ट्र सेवा को समर्पित उनका जीवन देशवासियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री व भाजपा के संस्थापक भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उन्हे कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से नमन करता हूं.

आगे लिखा कि अटल जी ने भाजपा की स्थापना से भारतीय राजनीति को देशहित और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को सर्वोपरि रखने वाला राजनीतिक विकल्प दिया. भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाना हो या सुशासन को चरितार्थ करना हो, उनके नेतृत्व में NDA सरकार ने विरासत व विज्ञान को एकसाथ आगे बढ़ाने का गवर्नेंस मॉडल देश के सामने रखा. अटल जी भारतीय राजनीति में लोकसेवा और संगठन शक्ति के ऐसे सशक्त हस्ताक्षर हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उन्हें स्मरण करते हुए नमन करता हूं. उनका जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन की श्रेष्ठ परंपराओं का प्रतीक रहा. अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व ने जवाबदेही, पारदर्शिता और समावेशी विकास पर आधारित सुशासन की ऐसी मिसाल पेश की, जो आज भी भारत को दिशा देती है.