भारतीय क्रिकेट की वनडे फॉर्मेट में खेली जाने वाली घरेलू क्रिकेट ‘विजय हजारे ट्रॉफी’ कल यानी 24 दिसंबर से शुरू होने जा रही है. टूर्नामेंट के पहले दिन चार टीमें आमने सामने होंगी. जिसके एक मैच-दिल्ली बनाम आंध्र प्रदेश-पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. क्योंकि ये मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था और इस मैच में विराट कोहली भी दिल्ली की तरफ से खेलते हुए नजर आ सकते हैं.
जिसकी वजह से कर्नाटक पुलिस ने गंभीर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की चिंताओं का हवाला देते हुए चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली और आंध्र प्रदेश के बीच विजय हजारे ट्रॉफी मैच के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया है. यह फैसला बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमंत कुमार, ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी के अधिकारियों और फायर डिपार्टमेंट द्वारा गहन निरीक्षण के बाद लिया गया, जिन्होंने वेन्यू के इंफ्रास्ट्रक्चर और इमरजेंसी तैयारियों में गंभीर कमियों की बात कही.
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमंत कुमार सिंह ने कहा, ‘एक कमेटी सोमवार को गृह विभाग के निर्देशों पर स्टेडियम गई थी. जहां उन्होंने पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्टेडियम का निरीक्षण किया था. अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच के लिए अनुमति नहीं दी गई है. कमेटी ने एक विस्तृत रिपोर्ट भी दी है.’
हालांकि, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने अभी तक वैकल्पिक स्टेडियम के बारे में कोई जानकारी शेयर नहीं की है. अगर मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं हो पाता है, तो कोई दूसरा ऑप्शन नहीं है. क्योंकि 24 दिसंबर को विजय हजारे ट्रॉफी के चार मैच होने हैं, उनमें से तीन आलूर के ग्राउंड पर हैं. ग्राउंड वन पर ओडिशा और सौराष्ट्र आमने-सामने होंगे, जबकि ग्राउंड टू पर गुजरात और सर्विसेज एक-दूसरे से भिड़ेंगे. ग्राउंड थ्री पर हरियाणा और रेलवे एक-दूसरे का सामना करेंगे हैं. चौथा मैच दिल्ली और आंध्र का चिन्नास्वामी में होना था.
विजय हजारे वनडे टूर्नामेंट के इस सीजन में विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले घरेलू क्रिकेट खेलेंगे. कोहली 15 साल बाद विजय हजारे टूर्नामेंट में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. विराट, जिन्होंने आखिरी बार 2010 में विजय हजारे टूर्नामेंट खेला था, उन्होंने दिल्ली के लिए पांच मैचों में दो हाफ सेंचुरी सहित 229 रन बनाए थे. अब, वह 15 साल बाद फिर से दिल्ली के लिए बल्लेबाजी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
टूर्नामेंट के लीग मैच 24 दिसंबर से 8 जनवरी तक, क्वार्टर फाइनल 12 जनवरी को और सेमीफाइनल 15 जनवरी को होंगे. इसके बाद, फाइनल मैच 18 जनवरी को बेंगलुरु में होगा. इस सीरीज में मध्य प्रदेश, मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, कर्नाटक और केरल सहित कुल 38 टीमें हिस्सा ले रही हैं.
