दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड, IMD ने शीतलहर को लेकर जारी किया ‘येलो अलर्ट’, AQI 375 के करीब

दिल्ली: उत्तर भारत में घने कोहरे का कहर जारी है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है. दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सोमवार सुबह मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा. इसके चलते आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता का न्यूनतम स्तर 150 जबकि सफदरजंग एयरपोर्ट पर 350 मीटर तक दर्ज किया गया. बात कर प्रदूषण की करें तो राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह 6:30 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 374 अंक बना हुआ है.

अगर बात बीते सोमवार की करें तो दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हवा में नमी का स्तर 100 से 66 प्रतिशत रहा.

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में आज मंगलवार को आसमान साफ रहेगा. सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है. जमीनी सतह पर तेज हवाएं चलेंगी. इनकी गति 15 से 25 किलोमीटर रह सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक रह सकता है. इसके बाद 24 दिसंबर को शीत लहर का अलर्ट भी है. अधिकतम तापमान गिरकर 18 से 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान गिरकर 8 से 10 डिग्री तक रह सकता है. वहीं 25 से 28 दिसंबर के बीच आसमान साफ रहेगा. सुबह हल्के से मध्यम कोहरा रहेगा.

केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड सीपीसीबी के अनुसार राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह 6:30 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 374 अंक बना हुआ है जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 388 गुरुग्राम में 382 गाजियाबाद में 392 ग्रेटर नोएडा में 374 और नोएडा में 378 अंक बना हुआ है.

राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI लेवल 300 से ऊपर और 400 के बीच में बना हुआ है.