देओल परिवार ने आज, 11 दिसबंर को दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा आयोजित किया, जिसमें बड़े-बड़े राजनेता शामिल हुए. इस दौरान धर्मेंद्र की पत्नी-एक्ट्रेस हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल उतरे हुए चेहरे के साथ नजर आई.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार शाम को दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा में शामिल हुए. उन्होंने दिवंगत एक्टर को फूलों से श्रद्धांजलि भी दी. हेमा मालिनी से भी मुलाकात की और शोक व्यक्त किया.
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर, केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी प्रार्थना सभा में मौजूद थे.
धर्मेंद्र जी ने अपनी अभिनय कला से देशवासियों के दिलों में स्थान बनाया और उनकी अदाकारी भाषा व क्षेत्र की सीमाओं को पार कर जन-जन के मन में बस गई। भारतीय सिनेमा जगत को इस अद्वितीय अभिनेता की कमी हमेशा खलती रहेगी।
आज दिल्ली में आयोजित उनकी श्रद्धांजलि सभा में उनका स्मरण कर उनकी… pic.twitter.com/80vDch6Uil
— Amit Shah (@AmitShah) December 11, 2025
वहीं, बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत को भी धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा में देखा गया. धर्मेंद्र को पुष्पांजलि देने के बाद कंगना हेमा मालिनी के पास गई और उनके पैर के पास बैठकर उनसे हल्की फुल्की बात कीं.
अमित शाह ने धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा से तस्वीर एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट की हैं और कैप्शन में लिखा है, ‘धर्मेंद्र जी ने अपनी अभिनय कला से देशवासियों के दिलों में स्थान बनाया और उनकी अदाकारी भाषा व क्षेत्र की सीमाओं को पार कर जन-जन के मन में बस गई. भारतीय सिनेमा जगत को इस अद्वितीय अभिनेता की कमी हमेशा खलती रहेगी. आज दिल्ली में आयोजित उनकी श्रद्धांजलि सभा में उनका स्मरण कर उनकी स्मृतियों को नमन किया.’
View this post on Instagram
सभा में हेमा मालिनी ने मंच से लोगों को संबोधित किया. अपने भाषण के दौरान वह भावुक होती दिखीं. हेमा मालिनी ने प्रार्थना सभा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज इस प्रार्थना सभा में आप सबका स्वागत करते हैं, मैं बहुत ही भावुक हो रही हूं. मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरी जिंदगी में ऐसा एक पल आएगा, जब मुझे भी ये शोक सभा रखनी पड़ेगी, वो भी मेरे धरम जी के लिए. पूरी दुनिया उनके निधन पर शोक मना रही है, लेकिन मेरे लिए, यह एक गमगीन सदमा है, एक ऐसे साथी का टूटना जो समय की कसौटी पर खरा उतरा.’
यह प्रार्थना सभा हेमा मालिनी ने अपनी बेटियों ईशा देओल और अहाना देओल तथा दामाद वैभव वोहरा के साथ मिलकर आयोजित की थी. ईशा देओल के पूर्व पति, व्यवसायी भरत तख्तानी भी इस गंभीर सभा में शामिल हुए.
