रणवीर सिंह स्टारर एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ ने ओपनिंग डे पर बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया है. रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन स्टारर फिल्म धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर आते ही हंगामा मचा दिया है. धुरंधर रणवीर सिंह के लिए रिकॉर्डधारी साबित हुई है. फिल्म ने ओपनिंग डे पर इतना कलेक्शन किया है कि रणवीर सिंह के लिए एक नया रिकॉर्ड बन गया है. वहीं, इस फिल्म ने हिंदी बेल्ट में मौजूदा साल की सबसे कमाऊ फिल्म कांतारा चैप्टर 1 को भी पछ़ाड़ दिया है. धुरंधर रणवीर सिंह के एक दशक से भी लंबे फिल्म करियर में उनकी बिगेस्ट ओपनर बन गई है.
धुरंधर को लेकर कहा जा रहा था कि फिल्म पहले दिन भारत में 15 से 20 करोड़ रुपये का कलेक्शन करेगी, लेकिन फिल्म अपनी उम्मीद से भी आगे निकली. सैकनिल्क की मानें तो फिल्म धुरंधर ने पहले ही दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 27 करोड़ रुपये का मोटा बिजनेस किया है. तकरीबन 200 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म धुरंधर जल्द ही अपनी लागत वसूल कर लेगी, लेकिन इसके लिए धुरंधर को अवतार-3 (19 दिसंबर) और इक्कीस (25 दिसंबर) से बॉक्स ऑफिस पर निपटना होगा.
धुरंधर का बीती 5 दिसंबर को रिलीज वाले दिन 2 डी स्क्रीन पर ओवरऑल ऑक्यूपेंसी रेट 33.81 फीसदी रहा. हिंदी में मॉर्निंग शो में 15.49 फीसदी, दोपहर के शो में 28.24 फीसदी, इवनिंग शो में 35.59 फीसदी और नाइट शो में 55.90 फीसदी ऑक्यूपेंसी रेट दर्ज हुआ है. वहीं, आईमैक्स 2डी स्क्रीन पर पहले दिन धुरंधर का ऑक्यपेंसी रेट 40.18 फीसदी दर्ज हुआ है, इसमें मॉर्निंग शो में 24.82 फीसदी, दोपहर के शो में 39.58 फीसदी, इवनिंग शो में 41.47 फीसदी और नाइट शो में 54.86 फीसदी ऑक्यूपेंसी रेट दर्ज हुआ है.
सैकनिल्क के मुताबिक, मौजूदा साल में रिलीज हुई ऋषभ शेट्टी स्टारर और साल 2025 की सबसे कमाऊ फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ ने हिंदी बेल्ट में ओपनिंग डे पर 18.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, लेकिन धुरंधर ने 27 करोड़ रुपये कमाकर इसका रिकॉर्ड दिया है. इसी के साथ धुरंधर ने इंडियन सिनेमा की सबसे कमाऊ लव स्टोरी फिल्म सैयारा का ओपनिंग डे का रिकॉर्ड (21 करोड़ रुपये) भी पीछे छोड़ दिया है.
