MI ने IPL 2026 की शुरुआत से पहले लिया बड़ा फैसला, बदला टीम का नाम

आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने बड़ा कारनामा कर दिया है. इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी संस्करण के लिए नीलामी अबू धाबी में 16 दिसंबर को होगी. उससे पहले मुंबई इंडियंस एक बड़े फैसले से फिर से चर्चा में आ गई है.

दरअसल, मुंबई इंडियंस के मालिक रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बड़ा फैसला लिया है. रिलायंस इंडस्ट्रीज और सरे काउंटी क्रिकेट क्लब ने एक बड़ी पार्टनरशिप कर ली है. इस पार्टनरशिप के तहत यूनाइटेड किंगडम में खेली जाने वाली प्रोफेशनल क्रिकेट लीग द हंड्रेड में ओवल इनविंसिबल्स फ्रेंचाइजी का नाम बदलकर MI लंदन कर दिया है. इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी गई है.

मुंबई इंडियंस और सरे काउंटी क्रिकेट के बीच अधिकतम एग्रीमेंट जुलाई में ही फाइनल हो गए थे. अब कुछ महीनों की देरी के बाद ये डील पूरी हो चुकी है. ओवल इनविंसिबल्स ने पांच सीजन पर अपना कब्जा किया है. ओवल इनविंसिबल्स की महिला टीम ने 2021 और 2022 में चैंपियनशिप जीती है जबकि पुरुष टीम 2023 से 2025 में टाइटल अपने नाम किया. MI लंदन के रूप में फ्रेंचाइजी को अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है.

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस बारे में जानकारी दी है. उन्होंने पोस्ट कर लिखा, ‘रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की पूरी तरह से स्वामित्व वाली सहायक कंपनी रिलायंस स्ट्रैटेजिक बिजनेस वेंचर्स लिमिटेड और सरे काउंटी क्रिकेट क्लब ने आज द हंड्रेड में ओवल इनविंसिबल्स फ्रेंचाइजी में अपनी पार्टनरशिप की घोषणा की. यह डील पूरी होने के बाद हुआ है, जिससे संगठनों को फ्रेंचाइजी में क्रमशः 49% और 51% हिस्सेदारी मिली है, और स्वामित्व इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड से ट्रांसफर हो गया है. इस नई पार्टनरशिप के तहत, 2026 से पुरुष और महिला दोनों टीमें MI लंदन के नाम से जानी जाएंगी’.

पोस्ट में आगे लिखा, ‘ओवल इनविंसिबल्स की सफलता सैम और टॉम कुरेन, विल जैक्स और एलिस कैप्सी जैसे घरेलू सरे सितारों के साथ-साथ मारिजेन कैप, राशिद खान और एडम जम्पा सहित दुनिया के कुछ सबसे बड़े नामों पर आधारित है. मुंबई इंडियंस विश्व स्तरीय क्रिकेट टीमें बनाने में भरपूर अनुभव रखती है, जिसमें खिलाड़ियों को निखारने और दुनिया भर में प्रशंसकों को जोड़ने की मजबूत प्रतिबद्धता है. इस जुड़ाव के साथ MI परिवार में अब पांच देशों और चार महाद्वीपों में सात टीमें शामिल हैं, जो खेल को विश्व स्तर पर विकसित करने, उभरती प्रतिभाओं को निखारने और क्रिकेट के आनंद के माध्यम से प्रशंसकों को एकजुट करने के MI के विजन को दर्शाता है’.

इस पोस्ट में नीता अंबानी और आकाश अंबानी ने भी एमआई फैमिली में एक और टीम के शामिल होने का स्वागत किया है. 17 से अधिक वर्षों में MI परिवार के समर्पण के परिणामस्वरूप दुनिया भर में 13 लीग खिताब जीते हैं. वे 5 IPL खिताब, 2 महिला प्रीमियर लीग खिताब, 2 मेजर लीग क्रिकेट खिताब, 2 चैंपियंस लीग टी20 खिताब, और ILT20 (MI अमीरात, 2024) और SA20 (MI केप टाउन, 2025) में एक-एक खिताब सहित ग्लोबल टी20 लीग में सबसे सफल फ्रेंचाइजी हैं.