हल्द्वानी के सहकारिता मेला में पहुंचे सीएम धामी, डेमोग्राफी बदलाव पर भी दिया बयान

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक दिवसीय दौरे पर बुधवार 26 नवंबर को नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी पहुंचे. सीएम धामी ने हल्द्वानी एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित सहकारिता मेला 2025 में हिस्सा लिया. उन्होंने प्रदेश भर की महिला सहायता समूह और विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल का निरीक्षण किया. कार्यक्रम में नैनीताल से बीजेपी सांसद अजय भट्ट सहित तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक जनपद में सहकारिता मेले का आयोजन किया जा रहा है. इस तरह के मेलों का उद्देश्य महिला समूह द्वारा बनाए जा रहे लोकल उत्पादों को एक बाजार उपलब्ध कराना है. इसके अलावा सहकारिता विभाग की तमाम योजनाओं को जनता तक पहुंचना है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए अलग मंत्रालय बनाया था. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उनकी सरकार सहकारिता को जनजन तक पहुंचाने के लिए कई कदम उठा रही है. पूरे देश में बहुउद्देशीय सहकारी समितियों को कंप्यूटराइज करने की शुरुआत देव भूमि उत्तराखंड में हुई. प्रदेश की 671 सहकारी समिति कंप्यूटीकरण का कार्य पूरा हो चुका है. समितियां डिजिटल माध्यम से कार्यरत है, जिससे किसान ऑन लाइन जुड़ कर सुविधाओं का लाभ उठा रहे है.

सीएम धामी ने बताया कि 24 समितियां जनऔषधि के रूप में काम कर रही है. 640 समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर के रूप विकसित किया गया है. उनकी सरकार ने फरवरी 2023 से लेकर अब तक 800 नई टैक्स समितियां और मत्स्य समितियों का गठन किया है.

सीएम धामी ने कहा कि पहले मंडुआ 42.90 रुपए प्रति किलो के हिसाब से खरीदा जा रहा था, जिसे अब बढ़ाकर 48.86 रुपए प्रति किलो कर दिया गया है. उनकी सरकार दीनदयाल किसान कल्याण के माध्यम से किसानों को पांच लाख तक का ब्याज रहित ऋण उपलब्ध करा रहा है. इसके अलावा महिला समूहों के प्रोत्साहन के लिए सहकारी बैंक ऋण दे रहा है. प्रदेश की एक लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी है.

उन्होंने कहा कि सहकारी बैंकों में लोगों ने विश्वास जताया है. आज प्रदेश के विभिन्न सहकारी बैंकों में 16 हजार करोड़ से अधिक की जमा पूंजी है. सहकारिता से लेकर अन्य सभी क्षेत्रों में सरकार बढ़चढ़ कर कार्य कर रही है.

 हल्द्वानी के बदलते डेमोग्राफी बदलाव पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की संस्कृति, डेमोग्रामी और यहां के मूल अस्तित्व को अब आगे खराब नहीं होने दिया जाएगा. प्रदेश के सभी जिलों में सत्यापन के अभियान चलाए जा रहे है. पिछले 10 सालों में जो भी डेमोग्रामी में बदलाव आए है और कोई भी प्रमाणपत्र जारी हुए है, उनकी जांच की जा रही है. गलत तरीके से पात्रता लेने और देने वालों के खिलाफ कार्रवाही की जाएगी.

चारधाम यात्रा पर 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने पर सीएम धामी ने विपरीत परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है.आगे भी यात्रा को सुगम बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी शीतकाल यात्रा का आयोजन होगा. स्टेक होल्डरों से बैठक की जाएगी. दोनों निगमों के साथ बैठक कर गेस्ट हाउस के कमरों के किराए में कटौती की गई है.

उन्होंने कहा कि जहां एक और सर्दियों में भी धूप के दर्शन नहीं हो पाते वही पहाड़ों में खिलखिलाती धूप निकल रही है. उन्होंने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि विंटर सीजन में उत्तराखंड की वादियों का लुफ़्त उठाए उनके स्वागत के लिए हम सब खड़े है.