भारत ने लगातार दूसरी बार जीता महिला कबड्डी वर्ल्ड कप, पीएम मोदी समेत इन बड़ी हस्तियों ने दी बधाई

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ढाका में महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 का खिताब जीत लिया है. अब तक महिला कबड्डी वर्ल्ड कप का आयोजन दो बार हुआ है और दोनों बार भारतीय महिला कबड्डी खिलाड़ियों ने खिताब पर कब्जा किया है. इस शानदार जीत ने पूरे देश का नाम रोशन कर दिया है. भारत ने फाइनल में चीनी ताइपे को 35-28 से हराया.

भारत पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में था. उन्होंने अपने सभी ग्रुप मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचे, जहां उन्होंने ईरान को 33-21 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. चीनी ताइपे भी अपने ग्रुप में बिना हारे रहा और सेमीफाइनल में मेजबान बांग्लादेश को 25-18 से हराया.

फाइनल में इन दोनों टीमों के बीच शानदार टक्कर देखने के लिए मिली है. इस टूर्नामेंट में कुल 11 देशों ने हिस्सा लिया, जिससे पता चलता है कि दुनिया भर में महिला कबड्डी कितनी तेजी से बढ़ रही है. भारतीय महिलाओं ने चार मैचों में चार जीत से आठ पॉइंट्स के साथ ग्रुप A स्टैंडिंग में टॉप किया, जबकि चीनी ताइपे पांच मैचों में पांच जीत से 10 पॉइंट्स के साथ ग्रुप B स्टैंडिंग में टॉप पर रही.

इस जीत के बाद पीएम मोदी ने टीम को बधाई दी है. उन्होंने एक्स प लिखा, ‘कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 जीतकर देश को गर्व महसूस कराने के लिए हमारी इंडियन विमेंस कबड्डी टीम को बधाई. उन्होंने जबरदस्त हिम्मत, स्किल्स और डेडिकेशन दिखाया है. उनकी जीत अनगिनत युवाओं को कबड्डी में आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और ऊँचे लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित करेगी.

कांग्रेस लीडर राहुल गांधी ने पोस्ट कर लिखा, ‘ भारतीय महिला कबड्डी टीम को वर्ल्ड कप घर लाने और देश को गर्व से भरने के लिए बधाई. आपका धैर्य, अनुशासन और साहस भारत की भावना को दर्शाता है. देश आपको सलाम करता है. जय हिंद’.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, ‘भारत अपनी बेटियों की ताकत और पक्के इरादे की वजह से वर्ल्ड कप की जीत का जश्न मना रहा है. ढाका में चीनी ताइपे पर 35-28 से शानदार जीत के बाद भारतीय महिला कबड्डी टीम को कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 जीतने पर बहुत-बहुत बधाई, यह आपका लगातार दूसरा खिताब है’.

गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा, ‘ हमारी महिला कबड्डी टीम के इतिहास रचने पर बहुत गर्व का पल है. महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 जीतने के लिए पूरी टीम को बधाई. आपकी शानदार जीत यह दिखाती है कि भारत का खेल टैलेंट किसी से कम नहीं है. आपके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं’.