उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, कुंजापुरी के पास खाई में गिरी बस, पांच लोगों की मौत

उत्तराखंड के टिहरी जिले में बड़ा हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि कुंजापुरी के पास गुजरात के श्रद्धालुओं की बस खाई में गिर गई. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई. 23 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे है, जिन्हें पास के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार इस हादसे में पांच लोगों के मरने की सूचना है. मौत का आंकड़ा बढ़ने की भी आशंका है. बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी लोग गुजरात और दिल्ली से कुंजापुरी दर्शन करने के लिए जा रहे थे, तभी बीच रास्ते में कुंजापुरी से पहले ये हादसा हो गया.

ऋषिकेश से कुंजापुरी की दूरी करीब 23 किमी है. फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार बस में 28 लोग सवार थे. बस संख्या Uk07pa 1769 हिंडोलाखाल के पास करीब 70 मीटर गहरी खाई में गिरी है. सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार पोस्ट ढालवाला, पोस्ट कोटि कॉलोनी व SDRF वाहिनी मुख्यालय से SDRF की कुल पांच टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की जा चुकी है. एएसपी जेआर जोशी टिहरी गढ़वाल ने हादसे में पांच लोगों के मरने की पुष्टि की है.