अच्छे मानसून सीजन के बाद उत्तराखंड में इस बार विंटर गेम्स को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा हैं. औली के आइस स्कीइंग को लेकर अभी से तैयारियां शुरू हो गई हैं. उत्तराखंड में इस बार मानसून सीजन में सामान्य से ज्यादा बरसात हुई है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस बार बर्फबारी भी अच्छी होगी. इसीलिए नेशनल आइस स्केटिंग इवेंट को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. .
उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी अजय भट्ट ने बताया कि साल 2026 में 19 जनवरी से 24 जनवरी के बीच औली में आइस स्कीइंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं होगी. इस बार अल्पाइन के दोनों इवेंट सलालम और GS, स्नोबोर्डिंग व नॉर्डिक के सभी इवेंट होगे. इसके अलावा स्की माउंटेनियरिंग के इवेंट अलॉट हुए हैं. इसीलिए इस बार औली में बड़े आयोजन पर विचार किया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड विंटर गेम एसोसिएशन इसके लिए पूरी तरह से तैयार है. साथ ही इसको लेकर औली आइस स्कीइंग स्लोप और जीएमवीएन औली गेस्ट हाउस को लेकर भी उत्तराखंड पर्यटन विभाग से भी लगातार बातचीत की जा रही है.
उत्तराखंड विंटर गेम संगठन के जॉइंट सेक्रेटरी अजय भट्ट ने बताया कि पिछले दो सालों से विंटर गेम्स को लेकर और आइस स्कीइंग के लेकर वो काफी निराशा है. क्योंकि अच्छी बर्फबारी नहीं होने के कारण बीते दो सालों से ये गेम्स टाले जा रहे है. हालांकि उन्हें उम्मीद है कि इस साल अच्छी बर्फबारी होगी.
बता दें कि उत्तराखंड में जोशीमठ के करीब औली आइस स्कीइंग के लिए एक इंटरनेशनल डेस्टिनेशन है. उत्तराखंड विंटर गेम एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी अजय भट्ट ने बताया कि आइस स्की स्लोप पूरे भारत में पहला ऐसा स्लोप है, जो की अंतरराष्ट्रीय संस्था इंटरनेशनल स्किल एंड स्नोबोर्ड फेडरेशन (FIS) से एप्रूव्ड है.

उन्होंने कहा कि औली ही एकमात्र ऐसी डेस्टिनेशन है, जहां पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आइस स्कीइंग इवेंट करवाए जा सकते हैं. भारत में उसके अलावा गुलबर्ग में आइस स्कीइंग है, जहां पर खेलो इंडिया की वजह से ज्यादातर इवेंट होते थे, लेकिन इस बार पूरा प्रयास है कि उत्तराखंड को खेलो इंडिया के तहत इवेंट अलॉट हो.
उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के अलावा पर्यटन विभाग और GMVN भी लगातार अपनी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर रहा है. गढ़वाल मंडल विकास निगम के एमडी विशाल मिश्रा ने बताया कि सरकार की पूरी मंशा है कि औली में बेहतरीन विंटर गेम हो. इसके लिए विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है.
