आईपीएल 2026 के लिए फ्रेंचाइजियों ने 8 खिलाड़ियों के ट्रेड की पुष्टि कर दी है. जिसमें सबसे महंगा ट्रेड संजु सैमसन का हुआ है. उनको सीएसके ने 18 करोड़ में राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया और इसके बदले उन्होंने रवींद्र जडेजा (14 करोड़) और इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम कुरेन (2.5 करोड़) को राजस्थान के हवाले कर दिया.
इस डील के साथ संजू सैमसन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे ट्रेड वैल्यू वाले खिलाड़ी बन गए. इससे पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन के नाम था, जिनको आरसीबी ने IPL 2024 से पहले मुंबई से 17.5 करोड़ में ट्रेड किया था.
सैमसन के ट्रेड से चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी विभाग को मजबूती मिलेगी क्योंकि उन्होंने 11 सीजन में 4,027 रन बनाए हैं और 2024 में 531 रनों के साथ अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ सीजन भी बनाया है. सैमसन ने 177 आईपीएल मैच खेले हैं. CSK उनके करियर की केवल तीसरी फ्रैंचाइजी है. 2013 में आईपीएल में पदार्पण करने के बाद से, सैमसन ने दो सीजन-2016 और 2017-को छोड़कर सभी सीजन में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया है. उन दो सीजन में संजू ने दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया था.
वहीं राजस्थान रॉयल्स से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले ऑलराउंडर और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान रवींद्र जडेजा अब आगामी आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करेंगे. सीएसके के लिए 12 सीजन खेल चुके जडेजा लीग के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने 250 से ज्यादा मैच खेले हैं. ट्रेड एग्रीमेंट के तहत, उनकी लीग फीस 18 करोड़ रुपये से घटाकर 14 करोड़ रुपये कर दी गई है.
