धर्मेंद्र हेल्थ कवरेज पर IFTDA ने लिया एक्शन, पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

भारतीय फिल्म और टेलीविजन निर्देशक संघ (आईएफटीडीए) ने बॉलीवुड सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की हालिया स्वास्थ्य स्थिति के कवरेज पर एक्शन लिया है. आईएफटीडीए ने कुछ पपराजी और ऑनलाइन प्लेटफार्म के खिलाफ ‘अमानवीय’ और ‘अनैतिक’ व्यवहार के तौर एक औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज की है.

बॉलीवुड के दिग्गज सुपरस्टार धर्मेंद्र कुछ दिन पहले हॉस्पिटल में भर्ती थे. जब से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की खबर सामने आई है, तो पैपराजी उनके घर और उस अस्पताल, जहां अभिनेता भर्ती थे, दोनों जगहों पर मौजूद हो गए हैं.

इस बीच खबर आई कि धर्मेंद्र का निधन हो गया है. यह खबर आग की तरह फैल गई. सोशल मीडिया पर कुछ लोग धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताना शुरू कर दिए. इस बीच 12 नवंबर की सुबह खबर आई कि धर्मेंद्र स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. आगे का इलाज घर पर ही होगा.

12 नवंबर को, धर्मेंद्र की बेटी-एक्ट्रेस ईशा देओल को आखिरकार पैपराजी के सामने एक बयान जारी करना पड़ा, जिसमें उन्होंने अपने पिता की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति को स्पष्ट किया, जिससे उनकी मृत्यु की अफवाहों पर विराम लग गया.

IFTDA

धर्मेंद्र की फर्जी मौत की खबर पर आईएफटीडीए ने एक्शन लिया है. उन्होंने इस कारनामे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. जुहू पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक को लिखे एक पत्र में आईएफटीडीए के अध्यक्ष अशोक पंडित ने कहा कि कुछ पैपराजी और ऑनलाइन अकाउंट्स ने दिग्गज अभिनेता के आवास परिसर में घुसकर और ‘बिना सहमति के उनके परिवार के सदस्यों की फुटेज और तस्वीरें रिकॉर्ड करके’ ‘गोपनीयता का उल्लंघन’ किया है. बाद में ये सीन ऑनलाइन अपलोड कर दिए गए.

आईएफटीडीए ने पुलिस से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का भी आग्रह किया और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एक कठोर उदाहरण पेश करने की मांग की है. यह शिकायत धर्मेंद्र के अस्पताल में रहने के दौरान मीडिया के व्यवहार को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच आई है.

IFTDA

इससे पहले सनी देओल अपने पिता के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अपने घर के बाहर खड़े फोटोग्राफरों पर भड़कते दिखे. भावुक दिख रहे अभिनेता ने निराशा में हाथ जोड़ते हुए उनसे कहा, ‘आप लोगों को शर्म आनी चाहिए… आपके घर में मां-बाप हैं, बच्चे हैं.’ फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने भी इस दिग्गज अभिनेता को लगातार मीडिया की सुर्खियां मिलने के खिलाफ अपनी बात रखी है.