दिल्ली: सोमवार शाम को लाल किले के पास खड़ी एक कार में तेज़ धमाके के साथ विस्फोट हुआ. इस शक्तिशाली विस्फोट से कई वाहनों में आग लग गई और खिड़कियों के शीशे टूट गए. अधिकारियों के अनुसार, 9 लोगों की मौत हो गई है. 20 से ज्यादा घायल हैं.
दिल्ली विस्फोट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “कल शाम करीब 7 बजे दिल्ली में लाल किले के पास एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ. विस्फोट के कारण 3-4 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, और लोग घायल भी हुए, और कुछ की मौत हो गई. घायलों का यहां इलाज किया जा रहा है. हमने सभी कोणों को खुला रखते हुए गहन जांच शुरू की है. विस्फोट की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, एनआईए टीम, एसपीजी टीम और एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची और तेजी से सभी जांच कर रही है.
#WATCH | Delhi: Blast near Red Fort Metro Station | Union Home Minister Amit Shah says "…According to the hospital sources, 8 people have died in the incident, and some people are injured who are getting treated here. We are conducting an investigation for the same. I hope we… pic.twitter.com/Ovd6V2q3WQ
— ANI (@ANI) November 10, 2025
घटना पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा, लाल किले के पास हुई कार विस्फोट की घटना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है. इस दुखद हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करती हूं. ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों. प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है. दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें मिलकर पूरे मामले की गहन जाँच में जुटी हैं. सभी दिल्लीवासियों से निवेदन है कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें. कृपया केवल पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें.

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा, ‘आज शाम करीब 6.52 बजे एक धीमी गति से चल रही गाड़ी लाल बत्ती पर रुकी. उस गाड़ी में विस्फोट हुआ और विस्फोट की वजह से आस-पास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा. सभी एजेंसियां, FSL, NIA, यहां हैं… घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं. स्थिति पर नजर रखी जा रही है. गृह मंत्री ने भी हमें बुलाया है और समय-समय पर उनके साथ जानकारी साझा की जा रही है.
ज़बरदस्त विस्फोट के बाद घटनास्थल पर कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से इलाके में दहशत फैल गई. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “मैं गुरुद्वारे में था जब मैंने एक तेज़ आवाज़ सुनी. हम समझ नहीं पाए कि वह क्या थी, वह काफी तेज़ थी. आस-पास के कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.”
दिल्ली फायर सर्विस ने आग पर काबू पा लिया है. 8 गाड़ियां जली हैं. इसके साथ ही कई और गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं. लोकनायक अस्पताल में पांच घायलों के लाए जाने की सूचना है.
धमाके के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया है. दिल्ली फायर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली फायर की टीम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 से धमाके की कॉल आई. फिलहाल मौके पर दमकल बाकी तीन गाड़ियां भेजी गई हैं. दमकल विभाग का कहना है कि उन्हें कार में धमाके की कॉल मिली है. मौके पर अभी तक दमकल विभाग की 7 गाड़ियां पहुंच चुकी हैं. शुरुआती जांच में दिल्ली पुलिस का कहना है कि पार्क में गाड़ी खड़ी थी उसमें ब्लास्ट हुआ है बाकी सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं. घटना में हुई क्षति के बारे में फिलहाल कुछ अभी तक अपडेट नहीं आया है.
