अनीश भानवाला ने ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल इवेंट में भारत के लिए पहली बार मेडल जीता

भारतीय फैंस के लिए शूटिंग के क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. पिस्टल शूटिंग में भारत के लाल ने तिरंगा लहरा दिया है. उन्होंने वो कर दिखाया है, जो अच्छे-अच्छे शूटर नहीं कर पाए हैं. वो देश के लिए एक बड़े टूर्नामेंट में पहली बार मेडल जीता है.

भारत के अनीश भानवाला ने रविवार को इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) वर्ल्ड चैंपियनशिप में 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल इवेंट में सिल्वर मेडल जीता, जो उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है. पोडियम पर पहुंचकर उन्होंने इतिहास रच दिया और इस टूर्नामेंट में मेडल जीतने वाले देश के पहले पिस्टल शूटर बन गए.

हरियाणा के रहने वाले 23 साल के अनीश ने फाइनल में दो कड़े शूट-ऑफ के दौरान काफी संयम दिखाया और 28 पॉइंट्स हासिल करके दूसरा स्थान पाया. भानवाला क्वालिफिकेशन राउंड से फाइनल में पहुंचे, जहां उन्होंने कुल 585 पॉइंट्स – स्टेज 1 में 291 और स्टेज 2 में 294 पॉइंट्स के साथ दूसरा स्थान हासिल किया.

इसके अलावा इस जीत के साथ उन्होंने अगले महीने दोहा में होने वाले वर्ल्ड कप फाइनल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है. जीत के बाद उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की. आईएसएसएफ को दिए गए मैच के बाद के इंटरव्यू में अनीश ने कहा, ‘इसे शब्दों में बताना मुश्किल है लेकिन यह एहसास बिल्कुल अविश्वसनीय है’.

अनीश ने कहा, ‘मैंने पहले भी कई बार कोशिश की है. मेरी तैयारी अच्छी रही है लेकिन जब कॉम्पिटिशन की बात आती थी तो मैं अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाता था. इस बार मैंने अपनी ट्रेनिंग में बेहतर तैयारी की थी और चीजें मेरे पक्ष में रहीं’.

फ्रांस के क्लेमेंट बेसागुएट ने 31 पॉइंट्स के साथ गोल्ड मेडल जीता, उन्होंने क्वालीफाइंग राउंड से ही अपना दबदबा बनाए रखा था, जहां उन्होंने 589 पॉइंट्स के साथ टॉप पर जगह बनाई थी. भारतीय शूटर ने शुरुआती सीरीज में परफेक्ट पांच से शुरुआत की. पांच-पांच शॉट की पहली तीन सीरीज के बाद भानवाला 16 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर थे, जबकि चीन के नी झिक्सिन 17 पॉइंट्स के साथ सबसे आगे थे.

उन्होंने एलिमिनेशन राउंड में भी अपनी कंसिस्टेंसी बनाए रखी, लगातार दो 4 स्कोर किए और 20 पॉइंट्स पर तीन अन्य लोगों के साथ टाई किया. भारतीय शूटर को तीसरे एलिमिनेशन राउंड में थोड़ी मुश्किल हुई और उन्होंने तीन टारगेट मिस कर दिए. क्लेमेंट ने सभी निशाने लगाकर 25 पॉइंट्स के साथ अपनी बढ़त बना ली.

फाइनल में पहुंचने से पहले भानवाला ने जर्मनी के इमानुएल म्यूएलर और यूक्रेन के मैक्सिम होरोडाइनेट्स के खिलाफ शूट-ऑफ जीता था. दूसरे भारतीय शूटर आदर्श सिंह और समीर इस इवेंट में क्रमशः 575 और 571 के स्कोर के साथ 22वें और 35वें स्थान पर रहे और पोडियम फिनिश से काफी दूर थे.